लग्जरी लाइफ के लिए बना ड्रग्स तस्कर, सुपर कॉरिडोर पर 10.30 लाख की MD के साथ गिरफ्तार
सुपर कॉरिडोर पर 10.30 लाख की MD के साथ गिरफ्तार

इंदौर। क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुपर कॉरिडोर क्षेत्र से एक युवक को 103.55 ग्राम MD ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 10.30 लाख रुपये है। आरोपी की पहचान इंदौर निवासी अयाज हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी छोटे पेडलरों तक ड्रग्स की सप्लाई करता था और कथित तौर पर लग्जरी लाइफ जीने के लिए नशे के इस अवैध कारोबार में शामिल हुआ था। क्राइम ब्रांच को रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक से 100 ग्राम से अधिक MD ड्रग्स की खेप लेकर सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद एक युवक बाइक से वहां पहुंचा। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक फिसलने के कारण वह गिर गया। पुलिस टीम ने उसे पकड़कर नियमानुसार तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 103.55 ग्राम MD ड्रग्स बरामद होने का दावा किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अयाज हुसैन के रूप में हुई। मामले का खुलासा सोमवार को डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश कुमार त्रिपाठी ने किया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को कथित तौर पर ड्रग्स की अंतरराज्यीय सप्लाई से जुड़े सुराग मिले हैं। पुलिस ने इस मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए सोमवार सुबह शाहनवाज नामक एक अन्य व्यक्ति को भी पकड़ा है। अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि MD ड्रग्स की खेप आरोपी तक कहां से पहुंचती थी, इसके पीछे कौन लोग हैं और किन-किन पेडलरों के जरिए इसे आगे सप्लाई किया जाता था। पुलिस को आशंका है कि मामले की जांच आगे बढ़ने पर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। मामले में पुलिस सभी आरोपों और सप्लाई लिंक की जांच कर रही है।




