सीएम योगी ने रवि किशन पर ली चुटकी, बोले- आज सांसद जी ने भाषण नहीं दिया; गोरखपुर में 69.58 करोड़ की सड़क का लोकार्पण
गोरखपुर में 69.58 करोड़ की सड़क का लोकार्पण

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान सांसद और अभिनेता रवि किशन को लेकर मजाकिया अंदाज में चुटकी ली। ग्रीन सिटी रोड के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि आज सांसद जी ने कुछ बोला नहीं है, लगता है उन्होंने ज्यादा लोगों को भोज दे दिया है। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से पूछा कि कितने लोगों ने रवि किशन की फिल्म देखी है और कितने लोगों ने कालीबाड़ी बाबा की फिल्म देखी है। मुख्यमंत्री के इस सवाल पर मौजूद लोगों ने हाथ उठाकर प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दोनों के बीच बराबरी है। मुख्यमंत्री का यह अंदाज सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच माहौल हल्का-फुल्का हो गया। दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक बनाई गई नई सड़क के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे थे। करीब 1.80 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 69.58 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। लोकार्पण के बाद सड़क को आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में हो रहे विकास कार्यों और बेहतर कनेक्टिविटी को लेकर भी चर्चा की। वहीं, कालीबाड़ी के महंत रविंद्र दास का भी कार्यक्रम में उल्लेख हुआ। उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी लोगों में माना जाता है और वे लंबे समय से गोरखनाथ मंदिर से जुड़े हुए हैं। मुख्यमंत्री के गोरखपुर दौरे के दौरान महंत रविंद्र दास अक्सर कार्यक्रमों में नजर आते हैं। रवि किशन के राजनीतिक और फिल्मी जीवन के संदर्भ में मुख्यमंत्री की यह हल्की-फुल्की टिप्पणी कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई। सड़क के लोकार्पण के साथ ग्रीन सिटी क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ गई है


