पुणे में 4 साल की बच्ची पर 7 आवारा कुत्तों का हमला, 43 सेकेंड तक नोचा; सिर में 80 से ज्यादा टांके
43 सेकेंड तक नोचा; सिर में 80 से ज्यादा टांके

पुणे। पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवाड़ के चिखली इलाके में रविवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां सात आवारा कुत्तों के झुंड ने चार साल की बच्ची पर हमला कर दिया। बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके सिर पर 80 से ज्यादा टांके लगाए गए हैं। घटना का CCTV फुटेज मंगलवार को सामने आया, जिसमें बच्ची पर कुत्तों के झुंड के हमले की घटना कैद होने की बात सामने आई है। बच्ची के पिता गिरधर मिश्रा के मुताबिक, उनकी बेटी पास के पेड़ से कुछ पत्तियां लेने के लिए घर से बाहर निकली थी। जैसे ही वह पेड़ के पास पहुंची, वहां मौजूद आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची ने कुत्तों से बचने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों ने उसे घेर लिया और करीब 43 सेकेंड तक उस पर हमला किया। इस दौरान बच्ची के सिर के अलावा हाथों और जांघों पर भी गंभीर चोटें आईं। बच्ची की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाकर उसकी जान बचाई। इसके बाद घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर 80 से अधिक टांके लगाए। घटना के बाद इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में आवारा कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं और बच्चों के साथ-साथ बुजुर्गों के लिए भी खतरा बने हुए हैं। घटना का CCTV सामने आने के बाद लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। चार साल की बच्ची के साथ हुई इस घटना ने एक बार फिर शहरी क्षेत्रों में आवारा कुत्तों से जुड़ी सुरक्षा और नगर प्रशासन की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल बच्ची का उपचार जारी है और परिवार घटना के बाद बेहद चिंतित है




