उज्जैन के शनि मंदिर में संदिग्ध बैग मिलने से हड़कंप
पुलिस की मॉकड्रिल में डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने की सर्चिंग

उज्जैन। शहर के प्रसिद्ध शनि मंदिर परिसर के पास शनिवार को एक संदिग्ध बैग मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्चिंग अभियान शुरू किया। बाद में पता चला कि यह कार्रवाई सिंहस्थ 2028 की सुरक्षा तैयारियों को लेकर आयोजित मॉकड्रिल का हिस्सा थी।
डॉग स्क्वॉड ने की शुरुआती जांच
मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले संदिग्ध बैग की जांच डॉग स्क्वॉड की मदद से करवाई। इसके बाद बम निरोधक दस्ते (BDDS) ने आधुनिक उपकरणों के जरिए बैग की बारीकी से जांच की। संदिग्ध वस्तु होने की आशंका के चलते जवान विशेष सुरक्षा सूट पहनकर मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र की तलाशी ली।
सिंहस्थ 2028 को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
उज्जैन पुलिस का कहना है कि आने वाले सिंहस्थ मेले में भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लगातार अपडेट किया जा रहा है। इसके लिए नए आधुनिक उपकरण भी खरीदे जा रहे हैं, जिन्हें भविष्य में सुरक्षा प्रबंधन में इस्तेमाल किया जाएगा। मॉकड्रिल के जरिए सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा प्रबंधन क्षमता का परीक्षण किया गया।
श्रद्धालुओं में मची अफरा-तफरी
मॉकड्रिल के दौरान मंदिर में दर्शन करने पहुंचे कई श्रद्धालु शुरुआत में घबरा गए। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह केवल सुरक्षा अभ्यास है, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली।
इन आधुनिक उपकरणों का किया गया इस्तेमाल
पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मॉकड्रिल के दौरान कई आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया। इनमें डॉग स्क्वॉड, NLJD (Non-Linear Junction Detector), Explosive Detector, RTVS X-Ray Machine और Bomb Suit Hand Entry Drill शामिल रहे। इन उपकरणों की मदद से संदिग्ध वस्तुओं और विस्फोटकों की पहचान करने का अभ्यास किया गया।
#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan



