
जोधावास स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्रों के आंदोलन के बाद अब स्कूल की बदहाल स्थिति सुधारने का काम शुरू हो गया है। सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने अपने एक्स अकाउंट पर स्कूल का वीडियो साझा कर बताया कि जर्जर भवन को गिरा दिया गया है और मरम्मत का काम शुरू हो चुका है।
बताया गया कि स्कूल की हालत लंबे समय से खराब थी। कक्षाओं की छत से पट्टियां टूटकर गिर रही थीं और दीवारों में दरारें आ चुकी थीं। असुरक्षित कमरों के कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को लेकर 14 और 15 अगस्त को छात्रों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर स्कूल के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया था।
छात्रों ने उठाए थे स्कूल की बदहाली पर सवाल
प्रदर्शन के दौरान छात्रों और ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग एवं स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई थी। छात्राओं ने अधिकारियों से सवाल किया था कि यदि उनके अपने बच्चे ऐसी स्थिति वाले स्कूल में पढ़ते, तो क्या वे उन्हें ऐसी सुविधाएं देते।
ग्रामीणों का कहना था कि स्कूल की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन समय रहते समाधान नहीं हुआ। इसके बाद छात्रों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
अधिकारियों से बातचीत के बाद खत्म हुआ था धरना
14 अगस्त को प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर विद्यार्थियों और ग्रामीणों से बातचीत की थी। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, सीबीईओ सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। बातचीत के बाद छात्रों ने धरना समाप्त कर दिया था।
वॉशरूम और प्लेग्राउंड का काम भी होगा
आशुतोष रांका की ओर से साझा किए गए वीडियो के मुताबिक स्कूल के जर्जर हिस्से को गिराने के बाद अब मरम्मत का काम शुरू हो गया है। स्कूल में वॉशरूम और प्लेग्राउंड से जुड़े काम भी जल्द पूरे किए जाने की बात कही गई है।
आंदोलन को मिला था समर्थन
छात्रों के आंदोलन को आशुतोष रांका ने भी समर्थन दिया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ उनकी नोकझोंक का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था। उन्होंने स्कूलों की खराब व्यवस्था को लेकर शिक्षा विभाग और सरकार पर सवाल उठाते हुए जल्द सुधार की मांग की थी।
फिलहाल स्कूल में निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद विद्यार्थियों और ग्रामीणों को उम्मीद है कि उन्हें जल्द सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

