Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
Dabwalisirsa

CDLU में छात्रों के दो गुट भिड़े, लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से मारपीट का VIDEO वायरल

मेन गेट के पास दिनदहाड़े हुई मारपीट, लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों के वीडियो से कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में

सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (CDLU) के कैंपस में छात्रों के दो पक्षों के बीच मारपीट का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ युवक लाठी-डंडे और तेजधार हथियार लेकर दो छात्रों पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि विवाद पहले विश्वविद्यालय के टीचिंग ब्लॉक में हुआ था। इसके बाद कुछ युवक कथित तौर पर लाठी-डंडे और तेजधार हथियार लेकर कैंपस में पहुंचे और दो छात्रों के साथ मारपीट की।

फॉर्च्यूनर के पीछे गिराकर छात्रों को पीटा

सामने आए वीडियो में कई युवक दो छात्रों को घेरकर उनके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। कुछ युवक कथित तौर पर छात्रों को नीचे गिराकर थप्पड़ और लात-घूंसों से पीटते हैं, जबकि अन्य युवक डंडों से वार करते नजर आते हैं।

वीडियो में एक युवक के हाथ में तेजधार हथियार भी दिखाई दे रहा है। हमले से बचने के लिए दोनों छात्र वहां से भागने का प्रयास करते हैं, लेकिन हमलावर उन्हें दोबारा पकड़कर मारपीट करते दिखाई देते हैं।

मेन गेट के पास हुई घटना

जानकारी के अनुसार, यह घटना विश्वविद्यालय के मेन गेट के पास वाहन पार्किंग और ऑटो रिक्शा स्टैंड के आसपास की बताई जा रही है। वीडियो में कुछ युवक वाहनों के साथ कैंपस परिसर में दिखाई दे रहे हैं।

घटना दिन के समय हुई बताई जा रही है। आसपास मौजूद कई लोग और छात्र घटनाक्रम को देखते नजर आ रहे हैं।

हथियार लेकर कैंपस में प्रवेश पर उठे सवाल

घटना का वीडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विश्वविद्यालय के मेन गेट और अन्य प्रवेश स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहती है।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि युवक बाहर से लाठी-डंडे या तेजधार हथियार लेकर कैंपस में पहुंचे थे, तो प्रवेश के दौरान उनकी जांच क्यों नहीं हुई? वहीं, यदि विवाद विश्वविद्यालय के अंदर ही बढ़ा तो सुरक्षा कर्मियों को इसकी जानकारी कब मिली और कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पहले टीचिंग ब्लॉक में हुआ था विवाद

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, घटना से पहले छात्रों के बीच टीचिंग ब्लॉक में विवाद हुआ था। छात्रों की ओर से शिकायत भी दी गई थी। संबंधित विभाग के शिक्षकों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करवाया और उनके बीच समझौता हो गया था।

प्रशासन के अनुसार, दोनों पक्षों ने भविष्य में दोबारा इस तरह का विवाद नहीं करने की बात कही थी। फिलहाल इस मामले में पुलिस शिकायत दिए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।

जांच में सामने आएगा कौन छात्र और कौन बाहरी

वीडियो में दिखाई दे रहे सभी युवकों के विश्वविद्यालय के छात्र होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। वीडियो में कुछ युवकों ने चेहरे को साफा या परने से ढका हुआ है।

ऐसे में यह भी जांच का विषय है कि मारपीट में शामिल युवक विश्वविद्यालय के छात्र हैं या इनमें कुछ बाहरी लोग भी शामिल थे। विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस की जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पहले भी हो चुके हैं छात्रों में विवाद

CDLU कैंपस में इससे पहले भी छात्रों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आती रही हैं। हालांकि इस घटना में लाठी-डंडों और कथित तौर पर तेजधार हथियारों के इस्तेमाल ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल युवकों की पहचान और पूरे विवाद की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!