पत्रकार समाज की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का काम कर रहे: दीया कुमारी, जयपुर में ग्राउंड रिपोर्टर्स का सम्मान
भास्कर-गूगल के न्यूज ट्रेनिंग समारोह में राजस्थान-बिहार के पत्रकार सम्मानित, दीया कुमारी बोलीं- ग्राउंड की आवाज सरकार तक पहुंचाते हैं पत्रकार

जयपुर। दैनिक भास्कर और गूगल के सहयोग से जयपुर के होटल ललित में न्यूज ट्रेनिंग एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान और बिहार के ग्राउंड लेवल पर काम करने वाले पत्रकारों को उनकी उत्कृष्ट रिपोर्टिंग के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों के काम की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार जमीनी स्तर की समस्याओं और लोगों की आवाज को सामने लाने का महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं।
ग्राउंड की खबरों से प्रशासन तक पहुंचती है लोगों की आवाज
दीया कुमारी ने कहा कि डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म के माध्यम से उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों से सामने आने वाली समस्याओं की जानकारी मिलती है। कई बार ऐसी खबरों के आधार पर अधिकारियों को समस्या के समाधान के निर्देश भी दिए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया पर सूचनाएं तेजी से प्रसारित होती हैं। ऐसे समय में तथ्यपरक और विश्वसनीय पत्रकारिता की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।
उपमुख्यमंत्री ने ग्राउंड पर काम करने वाले पत्रकारों की सराहना करते हुए कहा कि वे कई बार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी लोगों की समस्याओं को सामने लाते हैं।
राजस्थान और बिहार के पत्रकारों को सम्मान
कार्यक्रम में राजस्थान की 30 उत्कृष्ट स्टोरीज के लिए 34 पत्रकारों को सम्मानित किया गया। वहीं बिहार की 12 बेहतरीन स्टोरीज के लिए स्थानीय पत्रकारों को सम्मान दिया गया।
समारोह में दैनिक भास्कर ग्रुप के डायरेक्टर गिरीश अग्रवाल, गूगल इंडिया न्यूज पार्टनरशिप की हेड दुर्गा रघुनाथ, गूगल न्यूज पार्टनरशिप से जुड़े नितिन, दैनिक भास्कर ऐप के सीईओ पथिक शाह और राजस्थान के स्टेट एडिटर किरण राजपुरोहित सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गिरीश अग्रवाल बोले- पत्रकार निभा रहे जनता के प्रति जिम्मेदारी
दैनिक भास्कर ग्रुप के डायरेक्टर गिरीश अग्रवाल ने कहा कि ग्राउंड रिपोर्टिंग का उद्देश्य सिर्फ खबर प्रकाशित करना नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं और जरूरतों को सामने लाना भी है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार अपने-अपने क्षेत्रों में जनता की आवाज बनकर काम कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे कस्बों से सामने आने वाली समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना भी पत्रकारिता का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
गिरीश अग्रवाल के अनुसार, डिजिटल पत्रकारिता में खबर की गति के साथ उसकी विश्वसनीयता और तथ्यों की पुष्टि भी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से पत्रकारों को लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
फैक्ट चेक और विश्वसनीय खबरों पर जोर
कार्यक्रम के दौरान गूगल की इंडिया न्यूज पार्टनरशिप की हेड दुर्गा रघुनाथ और गिरीश अग्रवाल के बीच न्यूज रिपोर्टिंग, फैक्ट चेकिंग और डिजिटल पत्रकारिता को लेकर संवाद भी हुआ।
गिरीश अग्रवाल ने कहा कि खबरों में तथ्यों की विश्वसनीयता बनाए रखना प्राथमिकता है। किसी भी मुद्दे पर रिपोर्ट तैयार करते समय लोगों की परेशानी, उनकी जरूरत और जमीनी वास्तविकता को ध्यान में रखा जाता है।
उन्होंने कहा कि अफवाहों और भ्रांतियों को तथ्यों के माध्यम से दूर करना भी पत्रकारिता की जिम्मेदारी है।
गांव-ढाणी तक पहुंच बनाने पर जोर
कार्यक्रम में ग्रामीण और छोटे कस्बों तक डिजिटल पत्रकारिता की पहुंच बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई। गूगल और दैनिक भास्कर के सहयोग से ग्राउंड रिपोर्टर्स को तथ्यपरक और प्रभावी रिपोर्टिंग के लिए प्रशिक्षित करने की पहल पर भी बात हुई।
दैनिक भास्कर डिजिटल के स्टेट हेड किरण राजपुरोहित ने कहा कि अखबार के साथ डिजिटल टीम भी ग्राउंड स्तर पर लगातार काम कर रही है। उनका कहना था कि स्थानीय पत्रकारों की रिपोर्टिंग के जरिए गांव और कस्बों की समस्याओं को व्यापक मंच मिल रहा है।
पाठक को केंद्र में रखकर पत्रकारिता
कार्यक्रम के दौरान इस बात पर भी जोर दिया गया कि डिजिटल न्यूज के दौर में पाठक की जरूरत सबसे महत्वपूर्ण है। खबर तेजी से लोगों तक पहुंचे, लेकिन उसके साथ तथ्य और विश्वसनीयता भी बनी रहे, यह पत्रकारिता की बड़ी जिम्मेदारी है।
समारोह में सम्मानित पत्रकारों के कार्य और उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग को इसी दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बताया गया। कार्यक्रम का संचालन दैनिक भास्कर के स्टेट वीडियो हेड अमित शर्मा ने किया।




