हर घर तिरंगा अभियान: देशभक्ति गीतों और संदेशों से युवा शक्ति में भर रहा जोश
तिरंगा यात्रा और जागरूकता कार्यक्रमों में उमड़ा उत्साह, हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर सेल्फी अपलोड कर प्राप्त करें डिजिटल सर्टिफिकेट

सिरसा, 15 अगस्त। देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलेभर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्राओं, जागरूकता कार्यक्रमों, ध्वजारोहण समारोहों तथा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान में ग्रामीणों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है। देशभक्ति गीतों, नारों और राष्ट्रहित से जुड़े संदेशों के माध्यम से युवाओं में देशप्रेम की भावना को मजबूत किया जा रहा है। गत दिवस मांगेआना, सकता खेड़ा, साहुवाला, थेड़ी बाबा सावन सिंह, मोरीवाला सहित विभिन्न गांवों में तिरंगा यात्रा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि बीडीपीओ कार्यालय सिरसा को तिरंगा लाइटिंग से सजाया गया। पंचायत घर अहमदपुर को भी तिरंगा रोशनी से जगमगाया गया। ग्राम पंचायत सिकंदरपुर के पंचायत घर और राजकीय विद्यालय में तिरंगा लाइटिंग की गई। कागदाना बस स्टैंड के पास तथा गांव कर्मगढ़ में भी तिरंगा लाइटिंग के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलेभर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत ध्वजारोहण, तिरंगा यात्राओं और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नगर परिषद सिरसा और नगर पालिका रानियां द्वारा एलईडी स्क्रीन के माध्यम से स्वच्छता एवं राष्ट्रहित से जुड़े संदेश भी प्रसारित किए गए। कालांवाली में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज के साथ सेल्फी ली। गांव मम्मड़ खेड़ा में स्टाफ सदस्यों, स्कूली विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति गीतों और राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते हुए ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। इस दौरान आमजन को राष्ट्रध्वज फहराने से संबंधित नियमों, तिरंगे की गरिमा और उसके सम्मान को बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रमों के अंत में उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने तथा देश और समाज के हित में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, एकता, जिम्मेदारी और देश के प्रति कर्तव्य की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। सेल्फी अपलोड कर बनें डिजिटल अभियान का हिस्सा, सर्टिफिकेट भी मिलेगा: प्रवक्ता ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत डिजिटल माध्यम से भी आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पोर्टल उपलब्ध कराया गया है। हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर प्रतिभागी अपनी तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड कर डिजिटल सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना तथा उन्हें अभियान की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। सेल्फी अपलोड करने और डिजिटल सर्टिफिकेट प्राप्त करने के लिए पोर्टल पर नाम, मोबाइल नंबर और पता जैसी आवश्यक जानकारी भरनी होगी। युवाओं और डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने वाले लोगों में इस पहल को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।



