बीकानेर में 11 नकबजनी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
दिन में बंद मकानों की रेकी, रात में इलेक्ट्रॉनिक कटर से ताले काटकर चोरी; पुलिस ने करीब ₹25 लाख का सोना-चांदी बरामद किया।

बीकानेर के गंगाशहर थाना पुलिस ने शहर में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने शहर में करीब 11 नकबजनी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है और उनके कब्जे से अब तक करीब 25 लाख रुपए कीमत का सोना-चांदी बरामद किया गया है। पुलिस ने जगदीश कुमार लखेसर, राहुल नायक और संजय कुमार सोनी को गिरफ्तार किया है। मामला 29 जुलाई को सुजानदेसर निवासी रेणु गहलोत के घर हुई चोरी से जुड़ा है, जहां परिवार के बाहर जाने के बाद आरोपियों ने रात में ताला काटकर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी जगदीश कुमार लखेसर और राहुल नायक ने अपने साथी अनिल कुमार ब्राह्मण के साथ मिलकर शहर में कई नकबजनी की वारदातें करना कबूल किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दिन के समय शहर में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे और ऐसे घरों को निशाना बनाते थे, जहां रात के समय किसी के मौजूद नहीं होने की जानकारी होती थी। इसके बाद रात में इलेक्ट्रॉनिक कटर मशीन की मदद से मकान, दरवाजे और अलमारियों के ताले काटकर अंदर घुसते और सोना-चांदी तथा नकदी लेकर फरार हो जाते थे। चोरी के आभूषणों को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने सुनार की मदद ली। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने और आभूषणों का स्वरूप बदलने वाले संजय कुमार सोनी को भी गिरफ्तार किया है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शहर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी इनकी भूमिका थी या नहीं। कार्रवाई से पुलिस को लगातार हो रही नकबजनी की वारदातों पर लगाम लगाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है, वहीं करीब 25 लाख रुपए के सोने-चांदी की बरामदगी से चोरी के नेटवर्क की जांच भी आगे बढ़ सकती है।




