Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
jaipur

राजस्थान में मानसून फिर एक्टिव, कई जिलों में भारी बारिश से हालात बिगड़े

चित्तौड़गढ़ में 3 घंटे में 2 इंच बारिश, दौसा-धौलपुर में मकान ढहे; चंबल नदी खतरे के निशान के करीब, झालावाड़ में स्कूल बंद

जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश के चलते जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। चित्तौड़गढ़ के बड़ी सादड़ी में तीन घंटे में 2 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि दौसा और धौलपुर में बारिश के कारण मकान ढह गए। वहीं धौलपुर में चंबल नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।

बड़ी सादड़ी में 3 घंटे में 2 इंच बारिश

चित्तौड़गढ़ जिले के बड़ी सादड़ी कस्बे में रविवार दोपहर करीब 3 बजे शुरू हुआ बारिश का दौर शाम 6 बजे तक चला। तीन घंटे में करीब 2 इंच पानी बरसा। तेज बारिश के कारण कानोड़ दरवाजा क्षेत्र की दुकानों में पानी घुस गया।

तहसील कार्यालय के अनुसार, रविवार शाम 6 बजे तक बड़ी सादड़ी में 46 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस मानसून सीजन में अब तक यहां 452 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।

दौसा के महवा में जलभराव, मकान के कमरे गिरे

दौसा जिले के महवा में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया और 2 से ढाई फीट तक पानी दुकानों और घरों में घुस गया। बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में खड़ी और कटी हुई बाजरे की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। पिछले 24 घंटे में महवा में 105 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

महवा के पास धनतुरी गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकान के दो कमरे बारिश के दौरान गिर गए। राहत की बात यह रही कि घटना के समय परिवार का कोई सदस्य वहां मौजूद नहीं था।

धौलपुर में चंबल का जलस्तर खतरे के करीब

धौलपुर में लगातार बारिश के कारण चंबल नदी का जलस्तर एक ही रात में करीब 8 मीटर बढ़ गया। नदी का जलस्तर करीब 129 मीटर तक पहुंच गया, जबकि खतरे का निशान 130 मीटर बताया गया है। इसके चलते आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।

धौलपुर के मांगरोल कस्बे में बारिश के कारण एक पक्का मकान भी ढह गया। हादसे के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।

झालावाड़ में स्कूलों की छुट्टी

भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए झालावाड़ जिले में सोमवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और तेज बहाव वाली जगहों पर अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है।

लगातार बारिश के कारण खानपुर क्षेत्र में परवन नदी पर बने बांध के दो गेट 2.9 मीटर खोलकर 297 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं छापी बांध के दो गेट आधा-आधा मीटर खोलकर 2,754 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।

कई बांधों के गेट खोले गए

तेज बारिश के बाद भरतपुर के बंध बारैठा बांध के दो, धौलपुर के पार्वती बांध के दो, झालावाड़ के कालीसिंध बांध के तीन और कोटा के नवनेरा बांध के सात गेट खोलकर पानी की निकासी की गई। धौलपुर का रामसागर डैम और सवाई माधोपुर का मानसरोवर बांध भी ओवरफ्लो हुआ।

जयपुर समेत कई जिलों में बारिश

जयपुर में भी शुक्रवार दोपहर से शुरू हुआ बारिश का दौर शनिवार को जारी रहा। जिले के जमवारामगढ़ में 59 एमएम, बस्सी में 49, आमेर में 42, कोटखावदा में 35, शाहपुरा में 47 और जोबनेर में 43 एमएम बारिश दर्ज की गई। जयपुर शहर का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

पिछले 24 घंटे में सवाई माधोपुर के खंडार में सबसे ज्यादा 102 एमएम बारिश दर्ज हुई। करौली, भरतपुर और अलवर के अलग-अलग इलाकों में 3 इंच तक तथा कई अन्य जिलों में 1 से 2 इंच तक बारिश हुई।

आज भी बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, लो-प्रेशर सिस्टम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा पर सक्रिय है। इसके प्रभाव से जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में मध्यम से तेज बारिश के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बारिश के कारण पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री तक नीचे चला गया है। जयपुर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, दौसा और सवाई माधोपुर समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

Keywords

Rajasthan Weather News, Rajasthan Rain, Jaipur Rain, Rajasthan Monsoon, Dausa Rain, Dholpur Rain, Chittorgarh Rain, Jhalawar Weather, Chambal River, Rajasthan Weather Alert

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!