Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
sirsa

रुणिचा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, सिरसा से स्पेशल बस सेवा शुरू

एक माह तक चलेगी रोडवेज बस, शाम 4:30 बजे सिरसा से होगी रवाना; सुबह करीब 3 बजे रामदेवरा पहुंचाएगी

सिरसा, 12 सितंबर। राजस्थान के प्रसिद्ध रुणिचा धाम (रामदेवरा) जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सिरसा रोडवेज ने स्पेशल बस सेवा शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं की मांग को देखते हुए शुरू की गई यह बस सेवा 11 सितंबर से एक माह तक संचालित की जाएगी।

रोडवेज प्रशासन की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार स्पेशल बस सिरसा से शाम 4:30 बजे रवाना होगी और रातभर सफर के बाद सुबह करीब 3 बजे रुणिचा धाम पहुंचाएगी। श्रद्धालु धाम में बाबा रामदेवजी के दर्शन कर अगले दिन शाम को इसी बस से वापस सिरसा लौट सकेंगे।

श्रद्धालुओं की मांग पर शुरू हुई सेवा

पिछले कई दिनों से श्रद्धालु सिरसा से रामदेवरा के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे। श्रद्धालुओं ने इस संबंध में रोडवेज प्रशासन से भी मुलाकात की थी। मांग को देखते हुए रोडवेज ने मेले की अवधि में विशेष बस चलाने का निर्णय लिया है।

रोडवेज प्रशासन के अनुसार इस बस में सफर के लिए एडवांस बुकिंग की सुविधा नहीं होगी। कोई भी यात्री या श्रद्धालु निर्धारित समय पर बस में सफर कर सकता है।

इन रास्तों से होकर जाएगी बस

सिरसा से रुणिचा धाम जाने वाली यह स्पेशल बस चौपटा, नोहर, रावतसर, पल्लू, अर्जुनसर, रोयरी, फलौदी, रामदेवरा, बीकानेर और पोकरण होते हुए चलेगी।

चौपटा और नोहर क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामदेवरा जाते हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी इस विशेष बस सेवा का लाभ मिलेगा। रोडवेज की पोकरण के लिए नियमित बस सेवा पहले से संचालित है।

रामदेवरा में लगता है विशाल मेला

राजस्थान के जैसलमेर जिले में स्थित बाबा रामदेवरा धाम को रुणिचा धाम के नाम से भी जाना जाता है। यह धाम पोकरण से करीब 12 किलोमीटर दूर जोधपुर-जैसलमेर मार्ग पर स्थित है। यहां प्रत्येक वर्ष भाद्रपद माह के दौरान विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।

रुणिचा धाम लोक देवता बाबा रामदेवजी की समाधि और मुख्य मंदिर के लिए प्रसिद्ध है। बाबा रामदेवजी को हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों में श्रद्धा के साथ माना जाता है और मुस्लिम समुदाय में उन्हें रामशाह पीर के नाम से भी जाना जाता है।

एक माह तक मिलेगी स्पेशल बस की सुविधा

रोडवेज डीआई ने बताया कि श्रद्धालुओं की मांग को देखते हुए रामदेवरा धाम के लिए यह स्पेशल बस सेवा मेले के मद्देनजर एक माह के लिए शुरू की गई है। यात्रियों के लिए एडवांस बुकिंग की सुविधा नहीं रखी गई है और कोई भी श्रद्धालु इस बस से यात्रा कर सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!