Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
देश

मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम ने राहुल गांधी से की मुलाकात: साथ में किया ब्रेकफास्ट, बोले- ‘गुड फ्रेंड’ से मिलकर खुशी हुई; 8 साल में तीसरी मुलाकात

BRICS समिट से इतर राहुल-प्रियंका से मिले अनवर इब्राहिम; साथ में किया ब्रेकफास्ट, बोले- ‘गुड फ्रेंड’ से फिर मिलने का मौका मिला

नई दिल्ली। दिल्ली में चल रहे 18वें BRICS समिट के बीच मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने रविवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं।

BRICS समिट से अलग हुई इस मुलाकात के दौरान तीनों ने साथ में ब्रेकफास्ट किया। हालांकि, बैठक किस स्थान पर हुई, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। कांग्रेस और प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर कीं।

अनवर इब्राहिम ने राहुल को बताया ‘गुड फ्रेंड’

मलेशियाई प्रधानमंत्री ने मुलाकात के बाद लिखा कि उन्हें सुबह ब्रेकफास्ट पर अपने अच्छे दोस्त राहुल गांधी से एक बार फिर मिलने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि दोनों ने हाल के अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर अपने विचार साझा किए।

तस्वीरों में राहुल गांधी और अनवर इब्राहिम एक-दूसरे से हाथ मिलाते और मुस्कुराते नजर आए। प्रियंका गांधी भी इस दौरान मौजूद रहीं।

8 साल में तीसरी बार भारत में मुलाकात

अनवर इब्राहिम पिछले करीब 8 वर्षों में तीन बार भारत दौरे पर आए हैं और हर बार उनकी राहुल गांधी से मुलाकात हुई है।

2019 में पहली मुलाकात

राहुल गांधी और अनवर इब्राहिम की पहली मुलाकात जनवरी 2019 में नई दिल्ली में हुई थी। उस समय अनवर मलेशिया के प्रधानमंत्री नहीं थे। वे PKR के अध्यक्ष और देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री के तौर पर रायसीना डायलॉग में शामिल होने भारत आए थे। उस समय राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष थे।

2024 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मुलाकात

21 अगस्त 2024 को प्रधानमंत्री बनने के बाद अनवर इब्राहिम भारत आए थे। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। उस समय राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता थे।

मुलाकात के बाद अनवर इब्राहिम ने गांधी परिवार को अपना ‘फैमिली फ्रेंड’ बताया था।

BRICS डिनर में किशोर कुमार का गाना गा चुके हैं अनवर

अनवर इब्राहिम 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय BRICS समिट में हिस्सा लेने भारत आए हैं।

शनिवार को उन्होंने ‘समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करना’ विषय पर आयोजित सत्र में हिस्सा लिया। इसके अलावा BRICS नेताओं के साथ पौधरोपण कार्यक्रम में भी शामिल हुए।

शनिवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित डिनर में अनवर इब्राहिम ने पियानो की धुन पर किशोर कुमार का मशहूर गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ गाया। उन्होंने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर भी किया था।

BRICS समिट में 11 देशों के नेता पहुंचे

18वें BRICS समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई देशों के नेता और प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने 12 सितंबर को भारत मंडपम में पहुंचे नेताओं का स्वागत किया था।

भारत पहुंचे विदेशी नेताओं में मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद, वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग, बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये, कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव और युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो शामिल हैं।

BRICS समिट के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी और अनवर इब्राहिम ने भी भारत मंडपम में मुलाकात की और हाथ मिलाकर एक-दूसरे का अभिवादन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!