Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
बॉलीवुड

नीलम ने गोविंदा संग रिश्ते की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी: बोलीं- उस समय बहुत छोटी थी, उनकी शादी की जानकारी बाद में मिली

नीलम बोलीं- उस समय मैं बहुत छोटी थी और मेरा पूरा ध्यान फिल्मों व हिंदी सीखने पर था; गोविंदा के साथ करीब 14 फिल्मों में किया था काम

नीलम कोठारी ने कहा- उस दौर में मेरा पूरा ध्यान फिल्मों और हिंदी सीखने पर था; गोविंदा के साथ करीब 14 फिल्मों में किया था काम

मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस नीलम कोठारी ने अभिनेता गोविंदा के साथ अपने कथित रिश्ते को लेकर लंबे समय से चली आ रही अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी है। एक इंटरव्यू में नीलम ने कहा कि जिस समय दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं होती थीं, उस वक्त वह काफी छोटी थीं और उन्हें गोविंदा की शादी के बारे में बाद में जानकारी मिली।

टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में नीलम से जब पूछा गया कि क्या गोविंदा ऑफ-स्क्रीन भी उनसे प्यार करते थे, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में पता नहीं था। नीलम के मुताबिक, उस समय वह इतनी छोटी थीं कि उन्हें यह तक जानकारी नहीं थी कि गोविंदा की शादी हो चुकी थी।

‘उस समय मेरा पूरा ध्यान फिल्मों पर था’

नीलम ने बताया कि उस दौर में रिश्ते उनके लिए कोई विकल्प नहीं थे। उनका पूरा ध्यान हिंदी सीखने और फिल्मों में काम करने पर रहता था।

कम उम्र में फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के कारण उनके परिवार का कोई सदस्य शूटिंग के दौरान उनके साथ रहता था। नीलम के अनुसार, फिल्म सेट पर लोग भी उनका काफी ख्याल रखते थे और उनके साथ बच्चों जैसा व्यवहार करते थे।

नीलम के पति और अभिनेता समीर सोनी ने भी गोविंदा को लेकर कहा कि वह अच्छे इंसान हैं और जब भी उनसे मुलाकात हुई, उन्होंने काफी गर्मजोशी से व्यवहार किया।

समीर ने कहा कि करीब 20 साल पहले क्या हुआ था और क्या नहीं, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है, इसलिए वह उस बात को लेकर कोई धारणा नहीं बना सकते।

गोविंदा-नीलम ने करीब 14 फिल्मों में किया काम

नीलम और गोविंदा की जोड़ी 1980 के दशक और 1990 के शुरुआती वर्षों में काफी लोकप्रिय रही। दोनों ने अपने करियर में करीब 14 फिल्मों में साथ काम किया

दोनों की जोड़ी पहली बार फिल्म ‘लव 86’ में नजर आई थी। इसके बाद 1986 में ही ‘इल्जाम’ रिलीज हुई। फिल्म के गानों और गोविंदा के डांस ने उन्हें दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय बना दिया।

इसके बाद दोनों ‘खुदगर्ज’, ‘सिंदूर’, ‘हत्या’, ‘दो कैदी’ और ‘फर्ज की जंग’ जैसी फिल्मों में भी साथ नजर आए।

इसी दौरान दोनों के बीच रिश्ते की अफवाहें भी सामने आने लगी थीं और ये चर्चाएं लंबे समय तक बॉलीवुड में बनी रहीं।

2021 में करीब दो दशक बाद साथ दिखे थे

नीलम और गोविंदा करीब दो दशक बाद 2021 में रियलिटी शो ‘सुपर डांसर चैप्टर 4’ के मंच पर एक साथ नजर आए थे।

इसके बाद दोनों फरवरी 2025 में ‘इंडियन आइडल सीजन 15’ के मंच पर भी सार्वजनिक रूप से साथ दिखाई दिए।

नीलम ने 15 साल की उम्र में किया था बॉलीवुड डेब्यू

नीलम कोठारी का जन्म हांगकांग में हुआ था। बचपन से ही उन्हें संगीत और डांस में रुचि थी। उन्होंने कीबोर्ड बजाने के साथ जैज बैले भी सीखा।

मुंबई में छुट्टियां बिताने के दौरान उनकी मुलाकात फिल्म निर्देशक रमेश बहल से हुई। इसके बाद उन्हें फिल्म में काम करने का ऑफर मिला।

महज 15 साल की उम्र में 1984 में ‘जवानी’ से उन्होंने बतौर लीड एक्ट्रेस फिल्मों में डेब्यू किया।

2001 में एक्टिंग से बनाई दूरी

कई लोकप्रिय फिल्मों में काम करने के बाद नीलम ने 2001 में अभिनय से दूरी बना ली। इसके बाद उन्होंने ज्वेलरी डिजाइनिंग में करियर बनाया।

कई वर्षों बाद वह 2020 में रियलिटी शो ‘फैबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स’ में नजर आईं। शो में उनके साथ महीप कपूर, भावना पांडे और सीमा सजदेह भी थीं।

बाद में नीलम इसके स्पिन-ऑफ ‘फैबुलस लाइव्स वर्सेज बॉलीवुड वाइव्स’ का भी हिस्सा बनीं, जिसमें मुंबई और दिल्ली की कास्ट को एक साथ दिखाया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!