Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
uttarpradesh

यूपी में पति-पत्नी के संदिग्ध हालात में शव मिले: पति पेड़ से लटका था, पत्नी का शव गंगा किनारे मिला; पैर दुपट्टे से बंधे थे

बिजनौर में पति-पत्नी के शव मिले, पति पेड़ से लटका था; पत्नी के पैर बंधे थे

बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों सोमवार को लकड़ी काटने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। मंगलवार सुबह तलाश के दौरान पति का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला, जबकि करीब एक किलोमीटर दूर गंगा किनारे झाड़ियों में पत्नी का शव मिला।

पुलिस के मुताबिक, दोनों शवों की परिस्थितियां संदिग्ध हैं। पत्नी के पैर दुपट्टे से बंधे मिले। वहीं पति के शरीर पर पत्नी की सलवार होने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मामला जिला मुख्यालय से करीब 6 किलोमीटर दूर जलालपुर काजी गांव का है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस फिलहाल दो एंगल से जांच कर रही है।

दो एंगल से जांच कर रही पुलिस

पुलिस के सामने फिलहाल दो संभावनाएं हैं।

पहला एंगल: किसी ने पति-पत्नी की हत्या की और शवों को अलग-अलग जगहों पर फेंका।

दूसरा एंगल: पति ने पहले पत्नी की हत्या की और इसके बाद खुदकुशी कर ली।

मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद स्पष्ट होने की उम्मीद है।

तीन दिन से इसी इलाके में लकड़ी काटने जा रहे थे

जलालपुर काजी निवासी देशराज उर्फ छोटे (40) लकड़ी काटने का काम करता था। उसकी पत्नी का नाम सुषमा (37) था। दंपती के तीन बच्चे बताए गए हैं।

परिजनों के मुताबिक, दोनों पिछले करीब तीन दिनों से इसी इलाके में लकड़ी काटने के लिए जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब 10 बजे देशराज अपनी पत्नी के साथ नहर की पटरी पर लकड़ी काटने के लिए निकला था।

काफी समय बीतने के बाद भी जब दोनों घर नहीं लौटे तो परिवार वालों ने तलाश शुरू की। जंगल में एक स्थान पर दरांती और चप्पल मिले, लेकिन देशराज और सुषमा का कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मंगलवार सुबह जंगल में मिला पति का शव

पुलिस और परिजनों ने देर रात तक दोनों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया।

करीब सुबह 10 बजे देशराज का शव पेड़ पर लटका हुआ मिला। इसके कुछ देर बाद करीब एक किलोमीटर दूर गंगा किनारे झाड़ियों में सुषमा का शव भी बरामद हुआ।

परिजनों के मुताबिक, सुषमा का शव अर्धनग्न अवस्था में था और उसके शरीर का कुछ हिस्सा पानी में था। उसके दोनों पैर दुपट्टे से बंधे होने की बात भी सामने आई है।

बहन का आरोप- भाई-भाभी की हत्या की गई

देशराज की बहन मोनी ने हत्या का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि जिस तरह से दोनों शव मिले हैं, उससे मामला आत्महत्या का नहीं लगता।

मोनी के मुताबिक, गंगा किनारे सुषमा का शव मिला। उसने दावा किया कि शव की स्थिति संदिग्ध थी और शरीर के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं थे। उसने कहा कि उसके भाई और भाभी की हत्या की गई है।

देशराज की बेटी कशिश भी अपने माता-पिता की मौत के लिए हत्या की आशंका जता रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

पुलिस बोली- पोस्टमार्टम के बाद स्थिति साफ होगी

मौके पर पहुंचे एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के शव बरामद हुए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच से मौत की वजह तथा घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी।

कई सवालों के जवाब जांच के बाद मिलेंगे

इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर यह हत्या है तो पति-पत्नी को किसने और क्यों मारा? दोनों शवों के बीच करीब एक किलोमीटर की दूरी क्यों थी? पत्नी के पैर दुपट्टे से बंधे होने और पति के पेड़ से लटके मिलने की परिस्थितियां भी जांच का अहम हिस्सा हैं।

पुलिस अब घटनास्थल से मिले सामान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!