इकलौते बेटे के अंतिम संस्कार पर रो पड़े DA: पिता ने जवान बेटे को दी मुखाग्नि; श्रीलंका में समुद्र में डूबने से हुई थी मौत
25 वर्षीय समृद्ध परुथी का हिसार में अंतिम संस्कार; हादसे से कुछ घंटे पहले पिता से वीडियो कॉल पर हुई थी बात, 15 दोस्तों के साथ श्रीलंका गया था

हिसार के जिला अटॉर्नी (DA) सुनील परुथी के 25 वर्षीय इकलौते बेटे समृद्ध परुथी का गुरुवार को सेक्टर-16-17 स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान बेटे को मुखाग्नि देते हुए पिता सुनील परुथी भावुक होकर रो पड़े। बड़ी संख्या में शहरवासी, अधिवक्ता और परिचित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
समृद्ध की सोमवार को श्रीलंका में समुद्र में डूबने से मौत हो गई थी। परिवार के सदस्य शव लेने के लिए श्रीलंका गए थे। बुधवार देर रात शव हिसार लाया गया, जिसके बाद गुरुवार को अंतिम संस्कार किया गया।
दोस्तों के साथ श्रीलंका घूमने गया था समृद्ध
समृद्ध परुथी 9 सितंबर को अपने करीब 15 दोस्तों के साथ श्रीलंका घूमने गया था। उसकी 16 सितंबर को हिसार लौटने की योजना थी। इसी दौरान राफ्टिंग के दौरान समुद्र में हादसा हो गया। हादसे में उसके दो दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हुए।
इकलौते बेटे की मौत से परुथी परिवार में शोक का माहौल है। परिवार के अनुसार, समृद्ध की बहन की शादी कुछ समय पहले ही हुई थी। उनके दादा ज्ञानचंद भूना के सरपंच रह चुके हैं।
हादसे से कुछ घंटे पहले पिता से हुई थी वीडियो कॉल
परिजनों के अनुसार, हादसे से कुछ घंटे पहले समृद्ध ने अपने पिता सुनील परुथी से वीडियो कॉल पर बात की थी। उसने पिता को बताया था कि वह समुद्र में राफ्टिंग के लिए जा रहा है।
परिजनों के मुताबिक, पिता ने मौसम खराब होने का हवाला देते हुए उसे राफ्टिंग के लिए जाने से मना किया था। उन्होंने समुद्र में अधिक गहराई तक नहीं जाने की हिदायत भी दी थी। इसके बावजूद समृद्ध राफ्टिंग के लिए चला गया।
पढ़ाई पूरी कर हिसार में बिजनेस शुरू करने की थी योजना
समृद्ध ने नरसी मोनजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS), मुंबई से बीबीए किया था। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह हिसार में अपना बिजनेस शुरू करने की योजना बना रहा था।
परिजनों के अनुसार, सुनील परुथी ने बेटे के साथ समय बिताने और हिसार में उसके बिजनेस को स्थापित करने में मदद करने के लिए 15 दिन की छुट्टी ली थी। इसी बीच श्रीलंका यात्रा के दौरान हुए हादसे में समृद्ध की मौत हो गई।
अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे
समृद्ध के अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्यों के अलावा हिसार बार से अधिवक्ता, शहर के लोग और परिचित बड़ी संख्या में पहुंचे। श्मशान घाट में पिता द्वारा बेटे को मुखाग्नि दिए जाने का दृश्य बेहद भावुक रहा।




