मुंबई के 108 साल पुराने ओलंपिया कॉफी हाउस का लाइसेंस सस्पेंड: किचन-स्टोरेज में यूरिनल, फ्रिज में मांस के खून के अवशेष; कॉकरोच-मक्खियां भी मिलीं
मुंबई के 108 साल पुराने ओलंपिया कॉफी हाउस का लाइसेंस सस्पेंड, FDA जांच में मिलीं गंभीर खामियां

मुंबई के कोलाबा स्थित मशहूर ओलंपिया कॉफी हाउस पर महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। 108 साल पुराने इस प्रतिष्ठान का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी कई गंभीर कमियां सामने आने की बात FDA ने कही है।
ग्राहक की शिकायत के बाद 16 सितंबर को हुई जांच
FDA की टीम ने 16 सितंबर को एक ग्राहक की शिकायत के बाद ओलंपिया कॉफी हाउस का निरीक्षण किया था। जांच में फूड स्टोरेज एरिया में यूरिनल, कॉकरोच और मक्खियों की मौजूदगी तथा रेफ्रिजरेटर में मांस के खून के अवशेष मिलने की जानकारी सामने आई।
इसके अलावा खाना सीधे फर्श पर रखा और संभाला जा रहा था। खाद्य पदार्थों की तैयारी और बर्तन धोने की जगह की स्वच्छता को लेकर भी आपत्तियां दर्ज की गईं।
कच्चे वेज-नॉनवेज खाने को अलग रखने की व्यवस्था नहीं
निरीक्षण में कच्चे शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने की उचित व्यवस्था नहीं मिली। FDA के अनुसार, गंदे पानी के इस्तेमाल और खराब हालत वाले लकड़ी के चॉपिंग बोर्ड जैसी कमियां भी पाई गईं।
खाना तैयार करने वाले कर्मचारियों के लिए जरूरी सुरक्षात्मक कपड़ों की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।
35 में से 34 फूड हैंडलर ने नहीं ली जरूरी ट्रेनिंग
FDA के अनुसार, ओलंपिया कॉफी हाउस में कुल 35 फूड हैंडलर काम करते हैं। इनमें से 34 कर्मचारियों ने अनिवार्य फूड सेफ्टी ट्रेनिंग पूरी नहीं की थी।
जांच के दौरान अनिवार्य पानी की जांच रिपोर्ट और सैनिटेशन से जुड़े रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं मिले।
लाइसेंस सस्पेंड होने तक खाना खरीदना-बेचना भी बंद
FDA ने इन कमियों को देखते हुए प्रतिष्ठान का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन की अवधि में रेस्टोरेंट को खाद्य पदार्थ खरीदने, तैयार करने, स्टोर करने, बेचने या वितरित करने से रोक दिया गया है।
FDA के मुताबिक, कमियां दूर करने के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई और लाइसेंस बहाली को लेकर फैसला होगा।
कुछ महीने पहले हॉलीवुड सितारे भी पहुंचे थे
ओलंपिया कॉफी हाउस की शुरुआत 1918 में हुई थी और यह दक्षिण मुंबई के पुराने चर्चित खान-पान प्रतिष्ठानों में शामिल रहा है।
इसी साल जुलाई में फिल्ममेकर क्रिस्टोफर नोलन और अभिनेता मैट डेमन व टॉम हॉलैंड के यहां पहुंचने के बाद भी यह रेस्टोरेंट चर्चा में आया था।
नायर अस्पताल की कैंटीन पर भी FDA की कार्रवाई
इसी खाद्य सुरक्षा अभियान के दौरान मुंबई सेंट्रल स्थित नायर अस्पताल की कैंटीन का लाइसेंस भी निलंबित किया गया। FDA ने वहां भी खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े उल्लंघन पाए जाने की बात कही है।
महाराष्ट्र में त्योहारों से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण तेज किए गए हैं और कई अन्य कारोबारों पर भी लाइसेंस निलंबन या अन्य कार्रवाई की गई है।
त्योहारों से पहले खाद्य पदार्थों की जांच तेज
FDA की कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब महाराष्ट्र में त्योहारों को देखते हुए दूध, मावा और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच बढ़ाई गई है। विभाग की ओर से खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
हमारे मठ
हम बोलते हैं सच, बिना डर
RNI NO. HARHIN/2023/90591




