ग्वालियर

ग्वालियर में रिटायर्ड फौजी ने पड़ोसी के घर पर चलाईं गोलियां, CCTV में कैद हुई घटना

ग्वालियर की प्रीतम विहार कॉलोनी में पानी के छींटे पड़ने पर विवाद हुआ। रिटायर्ड फौजी पर पड़ोसी के घर पर 3-4 गोलियां चलाने का आरोप, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर राइफल जब्त की।

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पानी के छींटे पड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंच गया। गोला का मंदिर थाना क्षेत्र की प्रीतम विहार कॉलोनी में एक सेवानिवृत्त फौजी पर पड़ोसी दंपती के साथ मारपीट करने और अपनी लाइसेंसी राइफल से उनके घर पर 3-4 गोलियां चलाने का आरोप है। घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ।

बेटी के कपड़े गीले होने पर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, पिंटो पार्क स्थित प्रीतम विहार कॉलोनी में देवेश सिंह तोमर अपने परिवार के साथ रहते हैं। गुरुवार रात उनके पड़ोसी और सेवानिवृत्त फौजी पूरन सिंह राजावत अपने प्लॉट की दीवार पर पानी डाल रहे थे। इसी दौरान देवेश की बेटी सृष्टि वहां से गुजरी और पानी के छींटे पड़ने से उसके कपड़े गीले हो गए।

इस बात को लेकर देवेश सिंह तोमर अपनी पत्नी के साथ पड़ोसी के पास पहुंचे। उन्होंने पानी डालते समय सावधानी बरतने की बात कही। आरोप है कि इस पर पूरन सिंह ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर दंपती के साथ मारपीट की।

लाइसेंसी राइफल से घर पर की फायरिंग

आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद पूरन सिंह अपने घर गया और लाइसेंसी राइफल लेकर वापस आया। इसके बाद उसने देवेश सिंह तोमर के घर को निशाना बनाकर 3-4 गोलियां चला दीं।

गोली चलने की आवाज से कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। देवेश ने घर के अंदर जाकर अपनी जान बचाई और पुलिस को घटना की सूचना दी।

CCTV कैमरे में कैद हुई घटना

फायरिंग की घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलने पर गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की।

थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह यादव के मुताबिक, फायरिंग के आरोपी सेवानिवृत्त फौजी पूरन सिंह राजावत को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने उसकी लाइसेंसी राइफल भी जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!