पंजाब

22.5 करोड़ का ठेका, निगम की साइट ही बनी डंपिंग ग्राउंड

डेयरी गोबर उठाने के ठेके में घोटाले के आरोप, सीनियर डिप्टी मेयर ने उठाए सवाल

लुधियाना | शहर की ताजपुर रोड और हंबड़ां रोड स्थित डेयरी कॉम्प्लेक्स से गोबर उठाने का मामला अब विवादों में घिर गया है। नगर निगम द्वारा 3 साल के लिए 22.5 करोड़ रुपए में दिए गए ठेके पर अब गंभीर घोटाले के आरोप लग रहे हैं। खास बात यह है कि ये आरोप किसी विपक्षी दल ने नहीं, बल्कि नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर ने ही लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, निगम ने संबंधित कंपनी को डेयरी कॉम्प्लेक्स से गोबर उठाने और उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। लेकिन आरोप है कि कंपनी गोबर का उचित निस्तारण करने के बजाय उसे निगम की ही जैनपुर स्थित पुरानी डंप साइट पर फेंक रही है। इससे न केवल पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी हो रही है, बल्कि निगम की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मामले को लेकर यह भी चर्चा है कि उक्त ठेका पहले बिना टेंडर प्रक्रिया के एक रसूखदार नेता के रिश्तेदार को देने की तैयारी थी। मामला सार्वजनिक होने के बाद टेंडर प्रक्रिया अपनाई गई, लेकिन अब कार्यप्रणाली को लेकर फिर भ्रष्टाचार के आरोप सामने आ रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, हैबोवाल डेयरी से गोबर उठाने और जैनपुर डंप साइट की सफाई—दोनों ठेके एक ही कंपनी के पास हैं। आरोप है कि कंपनी एक तरफ डेयरी से गोबर उठाकर दूसरी ओर अपनी ही दूसरी साइट पर डाल रही है, जिससे कागजों में काम पूरा दिखाया जा सके, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

मामले ने नगर निगम की कार्यशैली और ठेका प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि निगम प्रशासन इन आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है।
#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!