ग्वालियर में 16 वर्षीय छात्रा का अपहरण, जंगल में बंधक बनाकर शादी का दबाव; दो भाई गिरफ्तार
ग्वालियर के मोहना थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्रा के अपहरण और बंधक बनाने का मामला सामने आया है।

पड़ोस में रहने वाले दो सगे भाइयों ने उसे अगवा कर जंगल में रखा और उस पर शादी का दबाव बनाया। बाद में पकड़े जाने के डर से दोनों ने छात्रा को छोड़ दिया।
पानी भरने गई छात्रा को किया किडनैप
घटना 29 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे की है। छात्रा घर के पास कुएं से पानी भरने गई थी। इसी दौरान आरोपी धीरज पाल ने उस पर शादी का दबाव बनाया। छात्रा के इनकार करने पर उसने अपने भाई नेपाल पाल की मदद से उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ले गया।
जंगल में साढ़े तीन घंटे तक बंधक रखा
आरोपियों ने छात्रा को सहसारी के घने जंगल में ले जाकर करीब 3.5 घंटे तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उसे डराया-धमकाया गया और शादी के लिए मजबूर करने की कोशिश की गई।
डर के कारण छोड़कर हुए फरार
ग्रामीणों और परिजनों की तलाश तेज होने पर आरोपी घबरा गए। पकड़े जाने के डर से दोनों भाइयों ने छात्रा को गांव के मोड़ के पास छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।
5 दिन तक डरी रही छात्रा
घर लौटने के बाद छात्रा काफी डरी हुई थी और उसने पांच दिनों तक किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। बाद में परिजनों के समझाने पर उसने पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
पुलिस ने दर्ज किया केस, दोनों आरोपी गिरफ्तार
मोहना थाना पुलिस ने मामले में अपहरण और POCSO एक्ट सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी धीरज (19) और उसके भाई नेपाल पाल (21) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले भी किसी तरह की ऐसी हरकत की है या नहीं।




