पेट दर्द और उल्टी होने के बाद विवाहिता की मौत
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पहले झोलाछाप डॉक्टर के पास ले गए थे परिजन

v
अलवर। जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के बिलेटा गांव में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन पहले उसे एक झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक पर लेकर गए, जहां इलाज के बाद भी हालत में सुधार नहीं हुआ। बाद में जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अचानक पेट दर्द और उल्टियां होने लगीं
मृतका के चाचा ने बताया कि बिलेटा निवासी राहुल की पत्नी दिलशाना को शुक्रवार रात अचानक पेट में तेज दर्द और लगातार उल्टियां होने लगीं। घबराए परिजन उसे तुरंत गांव के एक निजी क्लिनिक पर लेकर पहुंचे। वहां दवा देने के साथ ग्लूकोज भी चढ़ाई गई, लेकिन तबीयत बिगड़ती चली गई।
जिला अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
शनिवार सुबह परिजन महिला को अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चार छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतका के चार छोटे बच्चे हैं। पति राहुल गांव में दूध बेचने का काम करता है। अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। परिवार का कहना है कि उन्हें अब तक मौत के सही कारणों की जानकारी नहीं मिल पाई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
राजगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
राजगढ़




