स्कूल वाहनों पर प्रशासन का शिकंजा
डोरंडा, श्यामली और जगन्नाथपुर में विशेष जांच अभियान, 32 वाहनों पर कार्रवाई

रांची में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर मंगलवार को डोरंडा, श्यामली और जगन्नाथपुर क्षेत्र में स्कूल वैन और बसों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार और यातायात डीएसपी प्रमोद कुमार केशरी ने किया।
93 वाहनों की जांच, 2 लाख से अधिक का जुर्माना
जांच अभियान के दौरान कुल 93 स्कूल वैन और बसों की सघन जांच की गई। इस दौरान दस्तावेजों की कमी, ओवरलोडिंग और अन्य नियमों के उल्लंघन के कई मामले सामने आए।
प्रशासन ने 32 वाहनों पर कुल 2 लाख 4 हजार 550 रुपए का जुर्माना लगाया। इसके अलावा विभिन्न मानकों का पालन नहीं करने वाले 78 वाहनों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय में सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
ओवरलोडिंग बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा
अभियान के दौरान कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाते पाए गए। अधिकारियों ने इसे बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया।
जांच के दौरान रोड टैक्स, फिटनेस सर्टिफिकेट, इंश्योरेंस, परमिट और प्रदूषण प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की गई।
आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने साफ किया है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को केवल उन्हीं स्कूल वाहनों से भेजें, जो सभी सुरक्षा मानकों और परिवहन नियमों का पालन करते हों।
#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan




