मेडिकल नशे की कालाबाजारी पर सीआईए कालांवाली की कार्रवाई, कार सवार तीन युवक काबू; 54,900 गोलियां-कैप्सूल बरामद
कार सवार तीन युवक काबू; 54,900 गोलियां-कैप्सूल बरामद

डबवाली, 10 अगस्त। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए स्टाफ कालांवाली ने मेडिकल नशे की कथित कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट कार सवार तीन युवकों को काबू किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से नशे में इस्तेमाल किए जाने वाली 54,900 गोलियां और कैप्सूल बरामद किए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए कालांवाली प्रभारी पीएसआई सतपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त एवं जांच के दौरान कालांवाली क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक स्विफ्ट कार को रुकवाकर उसमें सवार तीन युवकों की नियमानुसार तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक कार में रखी दो गत्ता पेटियों से 39,600 गोलियां टेम्पेन्टाडोल और 15,300 कैप्सूल सिग्नोर बरामद हुए। पुलिस ने कार सवार सागर, अमित और कुनाल को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 172(2) के तहत डिटेन किया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के अनुसार सामने आया कि उक्त दवाइयां सिरसा से कालांवाली में सप्लाई के लिए लाई जा रही थीं। बरामद गोलियों और कैप्सूल को ड्रग कंट्रोल ऑफिसर, सिरसा द्वारा कब्जे में लेकर दवाइयों की जांच तथा नियमानुसार आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के निर्देशन में डबवाली पुलिस द्वारा मेडिकल दवाइयों के कथित दुरुपयोग और नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री एवं सप्लाई के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल दवाइयों का दुरुपयोग कर उन्हें नशे के रूप में युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास करने वालों पर नजर रखी जा रही है तथा ऐसे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशीली दवाइयों या मादक पदार्थों की अवैध बिक्री अथवा सप्लाई में संलिप्त पाया जाता है तो इसकी सूचना मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 19333, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 अथवा नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में दें। पुलिस ने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। पुलिस के अनुसार नशे के खिलाफ अभियान में आमजन की जागरूकता और सहयोग महत्वपूर्ण है तथा समय पर दी गई सूचना किसी युवा को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाने में मददगार हो सकती है




