ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर गंदगी फैलाने वालों पर रेलवे सख्त
अप्रैल में ढाई हजार से अधिक मामलों में कार्रवाई, 2.91 लाख रुपए का जुर्माना वसूला

North Western Railway ने गर्मी की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए सख्ती बढ़ा दी है। रेलवे प्रशासन ने साफ-सफाई नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अप्रैल महीने में 2500 से अधिक मामलों में करीब 2.91 लाख रुपए का जुर्माना वसूला।
सीसीटीवी कैमरों से रखी जा रही निगरानी
अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने बताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, लेकिन स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए यात्रियों का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
100 से 500 रुपए तक जुर्माने का प्रावधान
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर गंदगी फैलाने वालों पर 100 से 500 रुपए तक जुर्माना लगाया जा रहा है। इसके साथ ही यात्रियों से यात्रा के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गई है।
यात्रियों से सहयोग की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से कहा है कि वे कचरा केवल डस्टबिन में डालें, ट्रेनों और प्लेटफॉर्म को गंदा न करें तथा धूम्रपान और अन्य गंदगी फैलाने वाली गतिविधियों से बचें। नियमों का पालन कर सभी यात्री सफर को सुरक्षित और सुखद बना सकते हैं।
#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan




