18 लाख अभ्यर्थियों को राहत की तैयारी: RPSC बदलेगा भर्ती परीक्षा का नियम, GK में 40% की अनिवार्यता खत्म करने का प्रस्ताव
GK में 40% की अलग अनिवार्यता खत्म करने की तैयारी, दोनों पेपर के अंकों का एग्रीगेट लागू होने से विषय में अच्छे अंक वालों को मिलेगा फायदा

जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की स्कूल लेक्चरर और सेकंड ग्रेड भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले करीब 18 लाख अभ्यर्थियों के लिए राहत की तैयारी है। सामान्य अध्ययन (GK) के पेपर में अलग से 40 प्रतिशत न्यूनतम अंक की अनिवार्यता खत्म करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। नई व्यवस्था में GK और संबंधित विषय के अंकों को जोड़कर 40 प्रतिशत का एग्रीगेट तय किया जा सकता है।
मौजूदा नियम के तहत प्रत्येक पेपर में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी है। इस शर्त के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विषय में बेहतर प्रदर्शन के बावजूद भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो रहे हैं और कई पद खाली रह जा रहे हैं।
राजनीतिक विज्ञान के 645 पदों में सिर्फ 67 योग्य
स्कूल लेक्चरर भर्ती के परिणामों में इसका असर सामने आया है। राजनीतिक विज्ञान के 645 पदों के मुकाबले सिर्फ 67 अभ्यर्थी योग्य पाए गए, जबकि 578 पद खाली रह गए। वाणिज्य के 600 पदों में 323 और फिजिक्स के 136 पदों में केवल 24 अभ्यर्थी योग्य हुए। फिजिकल एजुकेशन के 113 पदों में 81 अभ्यर्थी चयन के लिए योग्य पाए गए।
पिछली भर्ती में राजनीतिक विज्ञान के 225 पदों के मुकाबले केवल 6 अभ्यर्थी योग्य हो पाए थे।
सरकार को भेजा जाएगा एग्रीगेट सिस्टम का प्रस्ताव
RPSC सचिव आशुतोष गुप्ता के मुताबिक 40 प्रतिशत की शर्त को लेकर परीक्षा पैटर्न का गहराई से अध्ययन किया गया है। आयोग का प्रस्ताव है कि दोनों पेपर के अंकों को जोड़कर 40 प्रतिशत का एग्रीगेट सिस्टम लागू किया जाए। हालांकि अंतिम निर्णय सरकार की ओर से नियमों में बदलाव के बाद ही होगा।
करोड़ों खर्च के बावजूद पद खाली रहने पर सवाल
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि बड़ी संख्या में पद खाली रह जाते हैं तो भर्ती परीक्षाओं पर होने वाला खर्च और विभागों में कर्मचारियों की कमी दोनों चिंता का विषय हैं। अभ्यर्थियों की तैयारी को आसान बनाने के लिए पाठ्यक्रम के साथ अधिकृत पुस्तकों की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग भी उठ रही है।
4200 ग्रेड पे तक इंटरव्यू खत्म करने की मांग
इधर, उपनिरीक्षक-दूरसंचार भर्ती-2024 के परिणाम के बाद 4200 ग्रेड पे तक की भर्तियों में इंटरव्यू खत्म करने की मांग भी तेज हुई है। इस भर्ती में 221 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया। कुछ अभ्यर्थियों के लिखित परीक्षा में कम और इंटरव्यू में अधिक अंक आने के कारण चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं।
शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर 4200 ग्रेड पे तक की भर्तियों में इंटरव्यू समाप्त करने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इस स्तर तक की भर्तियों में इंटरव्यू की व्यवस्था समाप्त की जा चुकी है।
हमारे मठ — हम बोलते हैं सच, बिना डर।




