गौशाला के चारे में यूरिया मिलाने का आरोप, 6 गायों की मौत; 3-4 की हालत गंभीर, पुलिस ने दर्ज की FIR
6 गायों की मौत; 3-4 की हालत गंभीर, पुलिस ने दर्ज की FIR

हिसार: हिसार जिले के अग्रोहा क्षेत्र के गांव कुलेरी स्थित कमलगिरी गौशाला में चारे में कथित तौर पर यूरिया खाद मिलाए जाने के बाद छह गायों की मौत हो गई, जबकि तीन से चार गायों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गौशाला में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भारी रोष देखने को मिला। गौशाला समिति के प्रधान सतेंद्र कुमार के अनुसार बुधवार को शाम करीब 4 बजे कर्मचारी और समिति के सदस्य जब गायों को चारा डालने के लिए बाड़े में पहुंचे तो वहां छह गायें मृत पड़ी मिलीं, जबकि कई अन्य गायें दर्द से तड़प रही थीं। इसके बाद चारे और उसके आसपास की जांच की गई, जिसमें यूरिया खाद मिला होने की बात सामने आई। गौशाला में करीब 600 गाय और नंदी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही अग्रोहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गौशाला समिति के प्रधान की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(c) के तहत कार्रवाई की है। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर शेषकर्ण ने पुलिस टीम के साथ मौके का जायजा लिया और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए। मृत गायों का पोस्टमॉर्टम कराया जाना है, जिसके बाद मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। गौशाला प्रबंधन और ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर रंजिश या आपराधिक मंशा से चारे में यूरिया मिलाया हो सकता है। हालांकि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और जिम्मेदार व्यक्ति के बारे में स्थिति स्पष्ट होगी। एक साथ छह गायों की मौत की खबर फैलते ही कुलेरी और आसपास के क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों और गौशाला प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी की पहचान की जाए और दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस चारे के नमूने, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।



