घरेलू विवाद में चली गोली, डबवाली पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी दबोचा
गांव चकेरियां में जान से मारने की नीयत से फायरिंग का आरोप, अवैध देसी कट्टा बरामद; हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
डबवाली के गांव चकेरियां में घरेलू विवाद के चलते फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में थाना कालांवाली पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी मनीष को वारदात के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 29 अगस्त की रात शिकायतकर्ता राय सिंह के साथ घरेलू विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसे जान से मारने की नीयत से अवैध देसी कट्टे से फायर किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कालांवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए अवैध देसी कट्टे को भी बरामद कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक देवीलाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को 24 घंटे के भीतर काबू कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे विवाद की पूरी वजह क्या थी तथा मामले से जुड़े अन्य कोई तथ्य सामने आते हैं या नहीं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की है। डबवाली पुलिस का कहना है कि आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने और गंभीर मामलों में आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाने के लिए लगातार प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

