Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
राजस्थान

जोधपुर में मोटो फेस्ट का रोमांच: 30 लाख की BMW को दिया ‘ब्लैक ब्यूटी’ नाम, महिला बाइकर्स ने भी दिखाया दम

200 से ज्यादा बाइकर्स ने लिया हिस्सा; हर्षिता ने सिर्फ तीन सप्ताह की ट्रेनिंग के बाद रेसिंग में उतरीं, 50 वर्षीय बिजनेसमैन नितिन सिंह ने ट्रैक पर किए स्टंट

जोधपुर। शहर में शनिवार को आयोजित मोटो फेस्ट में बाइक रेसिंग और स्टंट का रोमांच देखने को मिला। आयोजन में देश के अलग-अलग राज्यों से 200 से ज्यादा बाइकर्स पहुंचे, जिनमें महिला बाइकर्स के साथ लाखों रुपये कीमत वाली लग्जरी बाइक भी आकर्षण का केंद्र रहीं। इवेंट में BMW S 1000 RR जैसी हाई-परफॉर्मेंस बाइक ने खास ध्यान खींचा। जोधपुर के प्रॉपर्टी डीलर और बिजनेसमैन पार्थ अपनी करीब 30 लाख रुपये कीमत की BMW बाइक लेकर पहुंचे थे, जिसे उन्होंने ‘ब्लैक ब्यूटी’ नाम दिया है। पार्थ के मुताबिक उन्हें लंबे समय से बाइक चलाने का शौक है और इस बाइक की खासियत इसकी तेज रफ्तार और अलग-अलग राइडिंग मोड हैं। उनका दावा है कि बाइक करीब 3 सेकेंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटे और करीब 7 सेकेंड में 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। बाइक में रोड, रेन, स्पोर्ट और ट्रैक जैसे अलग-अलग राइडिंग मोड दिए गए हैं। मोटो फेस्ट में महिलाओं की भागीदारी भी खास रही। आंध्र प्रदेश से पहुंची हर्षिता ने बताया कि उन्होंने इस इवेंट में हिस्सा लेने के लिए करीब तीन सप्ताह पहले बाइक रेसिंग और स्टंट से जुड़ी ट्रेनिंग शुरू की थी। इसके बाद वह वीकेंड पर दोस्तों के साथ प्रैक्टिस करती रहीं। उन्होंने बताया कि कंपनी और दोस्तों ने भी उन्हें इवेंट में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। जयपुर से पहुंचीं अंशु सेन भी मोटो क्रॉस से जुड़ी हैं और करीब दो साल से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बाइकिंग और रेसिंग में किसी से पीछे रहने की जरूरत नहीं है और नियमित अभ्यास के जरिए वे आगे बढ़ सकती हैं। वहीं जयपुर से आए 50 वर्षीय बिजनेसमैन नितिन सिंह ने ट्रैक पर स्टंट और बाइक राइडिंग से दर्शकों का ध्यान खींचा। नितिन ने बताया कि वह करीब 26 साल से बाइक चला रहे हैं और 50 से ज्यादा रेसिंग इवेंट में हिस्सा ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि बाइक राइडिंग में अनुभव के साथ अनुशासन भी बेहद जरूरी है और जितना ज्यादा अनुशासन के साथ राइडिंग की जाए, उतना ही लंबे समय तक इस खेल से जुड़े रह सकते हैं। कार्यक्रम में अलग-अलग राज्यों से आए बाइकर्स ने रेसिंग, ऑफ-रोड और स्टंट गतिविधियों में हिस्सा लिया। आयोजकों के मुताबिक महिला बाइकर्स के लिए भी अलग कैटेगरी में आयोजन किए गए। मोटो फेस्ट ने जोधपुर में मोटरस्पोर्ट्स और बाइकिंग के प्रति बढ़ते उत्साह की तस्वीर पेश की, जहां युवा प्रतिभागियों से लेकर अनुभवी राइडर्स तक ने अपनी राइडिंग क्षमता का प्रदर्शन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!