
जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर कुछ इलाकों में सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों तक भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में बांसवाड़ा में करीब 1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा खैरथल-तिजारा, बारां, कोटा, प्रतापगढ़ और सलूंबर में भी हल्की बारिश हुई।
बुधवार को प्रदेश में तापमान में काफी अंतर रहा। श्रीगंगानगर 39.4°C के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि माउंट आबू में 23.7°C तापमान दर्ज किया गया।
पश्चिमी राजस्थान में अगले सप्ताह मौसम रहेगा ड्राई
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर रहेंगी। जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
हालांकि 21 से 23 अगस्त के बीच बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों के साथ श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू तथा आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
उत्तर-पूर्वी राजस्थान में बारिश बढ़ने के आसार
पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया में बदल गया है। इससे जुड़ा सिस्टम उत्तर-पूर्वी राजस्थान के आसपास बना हुआ है।
इसके प्रभाव से 20 अगस्त को भरतपुर, जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कुछ स्थानों पर हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है।
छह बड़े शहरों में ऐसा रहा मौसम
जयपुर: दिनभर तेज धूप रही। अधिकतम तापमान 33.8°C और न्यूनतम 25.7°C दर्ज हुआ। अगले कुछ दिनों में बादल छाने और कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है।
अलवर: तेज धूप और उमस का असर रहा। तापमान करीब 37°C तक पहुंचा। बादल छाए रहने के बावजूद दिनभर बारिश नहीं हुई।
कोटा: दिनभर बादलों की आवाजाही रही। अधिकतम तापमान 33.6°C और न्यूनतम 25.6°C दर्ज हुआ। गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे।
जोधपुर: बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 33.3°C और न्यूनतम 26.8°C रहा। अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना कम है।
सीकर: सुबह से बादल और हवा चलती रही, लेकिन बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 34.7°C और न्यूनतम 24°C दर्ज हुआ।
अजमेर: कई दिनों से मानसून सुस्त है। बुधवार को भी बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 32.1°C और न्यूनतम 23.7°C रहा।
श्रीगंगानगर सबसे गर्म, माउंट आबू सबसे ठंडा
बुधवार को प्रदेश में श्रीगंगानगर का अधिकतम तापमान 39.4°C रहा। इसके बाद जैसलमेर 36.9°C, पिलानी 36.5°C, चूरू 36.4°C, संगरिया 36.3°C और बीकानेर 35.9°C रहा।
वहीं माउंट आबू 23.7°C के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।




