नेपाल PM बालेन सोमवार को पहले भारतीय राजदूत से मिलेंगे
नेपाल PM बालेन सोमवार को पहले भारतीय राजदूत से मिलेंगे

इसके बाद चीन के दूत से बातचीत; मंगलवार को अमेरिकी अधिकारी से होगी वन-टू-वन बैठक
काठमांडू। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह सोमवार को भारत, चीन और अमेरिका के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण राजनयिक बैठकें करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार शाह सबसे पहले भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह चीन के राजदूत झांग माओमिंग से बातचीत करेंगे। मंगलवार को शाह की अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी स्कॉट अर्बोम के साथ वन-टू-वन बैठक प्रस्तावित है।
प्रधानमंत्री बनने के बाद यह पहली बार होगा जब शाह किसी विदेशी राजदूत से अकेले में औपचारिक मुलाकात करेंगे। इससे पहले वह विदेशी राजनयिकों के साथ सामूहिक बैठकों को प्राथमिकता देते रहे हैं।
इन बैठकों में नेपाल के भारत, चीन और अमेरिका के साथ संबंधों तथा क्षेत्रीय और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
हिंसा के बाद टाल दी गई थीं बैठकें
शाह की इन राजनयिकों के साथ बैठकें करीब दो सप्ताह पहले प्रस्तावित थीं, लेकिन सुनसरी और अन्य जिलों में हुई हिंसा के बाद इन्हें टाल दिया गया था। अब नेपाल सरकार ने दोबारा बैठकें तय की हैं। प्रधानमंत्री के एक सलाहकार के अनुसार, संबंधित दूतावासों को बैठक के समय की जानकारी दे दी गई है।
नेपाल के भारत से सटे दक्षिणी इलाकों में पिछले सप्ताह हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं, जिसके बाद सरकार ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर भी ध्यान केंद्रित किया।
पहले वन-टू-वन मुलाकात से बचते रहे शाह
प्रधानमंत्री बनने के शुरुआती दौर में बालेन शाह ने विदेश मंत्री के स्तर से नीचे के विदेशी अधिकारियों के साथ व्यक्तिगत मुलाकात नहीं करने की नीति अपनाई थी। इसी वजह से भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री की 11-12 मई की नेपाल यात्रा भी विवादों के बीच टल गई थी। नेपाली अधिकारियों के अनुसार, शाह का मिस्री के साथ अकेले में मिलने से इनकार भी इसके कारणों में शामिल था।
शाह ने अमेरिकी अधिकारियों समीर पॉल कपूर और सर्जियो गोर के साथ मुलाकात के अनुरोध भी स्वीकार नहीं किए थे। अमेरिकी विदेश विभाग की अंडर सेक्रेटरी सारा बी. रोजर्स के नेपाल दौरे के दौरान भी उनकी शाह से मुलाकात नहीं हो सकी थी।
इसके बजाय शाह ने 9 अप्रैल और 26 मई को काठमांडू में तैनात कई देशों के राजदूतों के साथ सामूहिक बैठकें की थीं।




