सिरसा में कृषि मशीनों का 1 से 3 और 9 सितंबर को होगा भौतिक सत्यापन
सब्सिडी पर खरीदी गई कृषि मशीनों का सत्यापन तीन मंडियों में होगा; निर्धारित तारीख के बाद किसानों को नहीं मिलेगा दूसरा अवसर।
सिरसा, 31 अगस्त। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से वर्ष 2026-27 के दौरान आरकेवीवाई योजना के घटक एसएमएएम और सीडीपी योजना के घटक डीएसआर के तहत सब्सिडी पर किसानों द्वारा खरीदी गई कृषि मशीनों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सहायक कृषि अभियंता विजय जैन ने बताया कि निदेशालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मशीनों का भौतिक सत्यापन 1 से 3 सितंबर और 9 सितंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। 1 से 3 सितंबर तक तीनों दिन अनाज मंडी ओढा, अनाज मंडी श्री जीवन नगर और कपास मंडी सिरसा में संबंधित क्षेत्रों के किसानों की मशीनों का सत्यापन किया जाएगा। अनाज मंडी ओढा में ओढा व डबवाली क्षेत्र, अनाज मंडी श्री जीवन नगर में रानियां व ऐलनाबाद क्षेत्र तथा कपास मंडी सिरसा में सिरसा, बड़ागुढ़ा व नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के किसानों की मशीनों का सत्यापन होगा। निर्धारित शेड्यूल के अनुसार 1 सितंबर को रोटावेटर और लेजर लैंड लेवलर को छोड़कर अन्य सभी कृषि यंत्रों, 2 सितंबर को केवल लेजर लैंड लेवलर तथा 3 सितंबर को रोटावेटर का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 9 सितंबर को सभी क्षेत्रों की डीएसआर मशीनों का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सत्यापन होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निदेशालय के निर्देशानुसार कृषि यंत्रों का भौतिक सत्यापन केवल निर्धारित तिथि को ही किया जाएगा। निर्धारित समय और तिथि निकल जाने के बाद सत्यापन के लिए किसानों को कोई अन्य अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा। सहायक कृषि अभियंता विजय जैन ने संबंधित किसानों से अपील की है कि वे अपनी मशीनों के साथ निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर समय से पहुंचें और भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करवाएं, ताकि सब्सिडी से संबंधित प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।


