Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
Uncategorized

तिरंगा यात्राओं से देशभक्ति के रंग में रंगे सिरसा के गांव

तिरंगा यात्राओं से देशभक्ति के रंग में रंगे सिरसा के गांव

सिरसा, 10 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान के तहत सिरसा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में निकाली जा रही तिरंगा यात्राओं से गांवों का माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है। गांवों में आयोजित तिरंगा यात्राओं में स्कूली विद्यार्थी बड़ी संख्या में हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं, वहीं शिक्षक, युवा, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण भी इन यात्राओं में भाग लेकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ा रहे हैं। तिरंगा यात्राओं के दौरान देशभक्ति के नारों से गांवों की गलियां और मुख्य मार्ग गूंज रहे हैं। यात्रा के विभिन्न मार्गों से गुजरने के दौरान ग्रामीण राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में खड़े होकर विद्यार्थियों का स्वागत कर रहे हैं। हर घर तिरंगा अभियान के तहत गत दिवस गांव रंधावा, जलालआना और नेजियाखेड़ा सहित सोमवार को शेखूपुरिया, कर्मगढ़, भादड़ा, कमाल, बीडीपीओ कार्यालय नाथूसरी चौपटा, गुड़िया, जसानिया, ताजिया खेड़ा और खेड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा निकाली और ग्रामीणों को भी अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान मातृभूमि के प्रति सम्मान, गौरव और राष्ट्रीय एकजुटता का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक को इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी में देशभक्ति तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में तिरंगा यात्राओं के साथ-साथ लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। अभियान के तहत गांवों में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें पंचायत प्रतिनिधियों, युवाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से आह्वान किया गया है कि वे हर घर तिरंगा अभियान को जन-अभियान बनाते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ें और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!