वैभव सूर्यवंशी दलीप ट्रॉफी डेब्यू में 8 रन पर आउट: 6 गेंदों में लगाए 2 चौके, कोंथौजम की गेंद पर स्लिप में कैच
15 वर्षीय वैभव ने डेब्यू में आते ही लगातार दो चौके लगाए, 6 गेंदों में 8 रन बनाकर कोंथौजम की गेंद पर स्लिप में कैच हुए

बेंगलुरु। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी में अपने डेब्यू मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की, लेकिन उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी। ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए वैभव 6 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी छोटी पारी में लगातार दो चौके लगाए।
बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ईस्ट जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। नॉर्थ ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
लगातार दो गेंदों पर लगाए चौके
वैभव ने क्रीज पर आते ही आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने लगातार दो गेंदों पर चौके लगाए। पहला चौका उन्होंने फ्लिक शॉट से मिडविकेट की दिशा में लगाया, जबकि अगली गेंद पर तेज कट शॉट खेलकर गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया।
इसके बाद वैभव ने एक गेंद डॉट खेली। अगली गेंद पर उन्होंने बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन बिश्वोरजीत कोंथौजम की गेंद बल्ले का किनारा लेकर स्लिप में चली गई। जोसेफ लालथनखुमा ने कैच पकड़कर वैभव की पारी समाप्त कर दी।
ईस्ट जोन के 25 रन पर दो विकेट
नॉर्थ ईस्ट जोन ने पहले गेंदबाजी करते हुए ईस्ट जोन को शुरुआती झटके दिए। वैभव के बाद अभिमन्यु ईश्वरन भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। वह 15 रन बनाकर LBW आउट हुए।
ईस्ट जोन के दोनों ओपनर 25 रन के स्कोर तक पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद कुमार कुशाग्र और सुदीप कुमार घरामी ने पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी की।
कुशाग्र 55 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विराट सिंह 2 और कप्तान ईशान किशन 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लंच तक ईस्ट जोन का स्कोर 138/5 था।
ईस्ट जोन के उपकप्तान हैं वैभव
वैभव सूर्यवंशी को इस टूर्नामेंट में ईस्ट जोन का उपकप्तान बनाया गया है। टीम की कप्तानी ईशान किशन कर रहे हैं। ईस्ट जोन की टीम में मोहम्मद शमी, अभिमन्यु ईश्वरन, मुकेश कुमार, शाहबाज अहमद और कुमार कुशाग्र जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं।
दलीप ट्रॉफी में पहली बार मैदान पर उतरे
दलीप ट्रॉफी भारत का प्रमुख फर्स्ट क्लास टूर्नामेंट है, जिसकी शुरुआत 1961-62 में हुई थी। इसका नाम पूर्व भारतीय क्रिकेटर कुमार श्री दलीपसिंहजी के नाम पर रखा गया है।
टूर्नामेंट लंबे समय तक जोनल फॉर्मेट में खेला गया। 2016 से 2019 के बीच BCCI ने इंडिया ब्लू, इंडिया ग्रीन और इंडिया रेड जैसी टीमों के साथ इसका आयोजन किया था। 2022-23 में एक बार फिर जोनल फॉर्मेट वापस आया।
वसीम जाफर के नाम सबसे ज्यादा रन
दलीप ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड वसीम जाफर के नाम है। उन्होंने टूर्नामेंट में 2,545 रन बनाए हैं। सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड नरेंद्र हिरवानी के नाम है, जिन्होंने 126 विकेट हासिल किए।
दलीप ट्रॉफी की एक पारी में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड रमन लांबा के नाम है। उन्होंने 1987-88 में नॉर्थ जोन की ओर से वेस्ट जोन के खिलाफ 320 रन की पारी खेली थी।




