अजमेर टोल प्लाजा पर पथराव और मारपीट, 6 आरोपी गिरफ्तार
बिना टोल दिए बैरियर तोड़कर गाड़ी निकालने पर विवाद; 8-9 वाहनों में पहुंचे लोगों पर तोड़फोड़, मारपीट और फायरिंग के आरोप, 6 गाड़ियां जब्त

अजमेर। अजमेर के भिनाय थाना क्षेत्र स्थित खेड़ी टोल प्लाजा पर रविवार शाम करीब 4:30 बजे टोल नहीं देने को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बाद में 8-9 गाड़ियों में सवार लोग टोल प्लाजा पहुंचे और वहां पथराव, तोड़फोड़ और टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट की।
टोल कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने वाहनों से उन्हें कुचलने का प्रयास किया। टोल ऑफिस की ओर रिवॉल्वर से फायरिंग किए जाने का आरोप भी सामने आया है। हालांकि, फायरिंग के आरोप की पुलिस जांच कर रही है।
बिना टोल दिए बैरियर तोड़कर निकली गाड़ी
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम किशनगढ़ की ओर से करीब 10-12 गाड़ियां खेड़ी टोल प्लाजा पहुंचीं। इनमें से एक वाहन के चालक ने बिना टोल दिए बैरियर तोड़कर निकलने का प्रयास किया।
इसके पीछे आ रही दूसरी गाड़ी को टोल कर्मचारियों ने रोक लिया और उसकी चाबी निकाल ली। बताया गया कि वाहन चालक मौके से भाग गया, जबकि गाड़ी में मौजूद एक अन्य व्यक्ति को कर्मचारियों ने पकड़कर टोल ऑफिस में ले लिया।
पीछे से आई गाड़ियों में सवार लोगों ने किया हंगामा
इसके कुछ देर बाद 8-9 गाड़ियों में सवार लोग टोल प्लाजा पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने टोल बूथों पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की और पथराव शुरू कर दिया।
टोल कर्मचारियों के मुताबिक, इस दौरान वाहनों को टोल प्लाजा के आसपास तेज रफ्तार से दौड़ाया गया और उन्हें कुचलने का प्रयास किया गया।
जान बचाने के लिए छत पर चढ़े कर्मचारी
हंगामे के दौरान टोल कर्मचारी जान बचाने के लिए टोल ऑफिस की छत पर पहुंच गए। कर्मचारियों ने अपने बचाव में ऊपर से पत्थर फेंके।
टोलकर्मियों ने यह भी आरोप लगाया कि वाहन सवार लोगों में से किसी ने टोल ऑफिस की तरफ रिवॉल्वर से फायरिंग की। सूचना मिलने पर आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गए।
5 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची
हंगामे और फायरिंग की सूचना के बाद भिनाय के अलावा सरवाड़, नसीराबाद, श्रीनगर और सराना थाना क्षेत्रों से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे।
पुलिस ने जिले में नाकाबंदी कर अलग-अलग टीमें गठित कीं। अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार करने और 6 वाहनों को जब्त करने की जानकारी सामने आई है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
अलग-अलग जगहों पर नाकाबंदी
पीसांगन थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान संदिग्धों के वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, कुछ युवक वाहन छोड़कर भागने लगे। पीछा करने के बाद एक व्यक्ति को पकड़ा गया और दो वाहन जब्त किए गए। करीब 6-7 युवकों के फरार होने की जानकारी दी गई है।
सावर क्षेत्र में भी नाकाबंदी के दौरान कुछ संदिग्धों को पकड़े जाने की बात सामने आई है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
भिनाय थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह के अनुसार, टोल पर तोड़फोड़ और फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि घटना की वजह और फायरिंग के आरोप की जांच की जा रही है तथा एसपी के निर्देश पर अलग-अलग टीमें कार्रवाई कर रही हैं।




