सीजेएम संतोष बागोतिया ने नशा मुक्ति केंद्र का किया औचक निरीक्षण
उपचाराधीन नशा पीड़ितों से मुलाकात कर जाना हालचाल, स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के दिए निर्देश
सिरसा, 11 सितंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) संतोष बागोतिया ने शुक्रवार को सिविल अस्पताल स्थित नशा मुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपचाराधीन नशा पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान सीजेएम ने नशा मुक्ति केंद्र में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र के स्टाफ को परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान केंद्र में तैनात चिकित्सक और अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।
मनोवैज्ञानिक से उपचार सुविधाओं की ली जानकारी
सीजेएम संतोष बागोतिया ने केंद्र में तैनात मनोवैज्ञानिक डॉ. पंकज से उपचाराधीन लोगों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं और उपचार प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में नशा मुक्ति के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केंद्र में उपचाराधीन किसी भी व्यक्ति को यदि कानूनी सहायता की आवश्यकता हो तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उसे निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करवाई जा सकती है।
पात्र लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता
सीजेएम ने बताया कि महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, मनोरोगियों तथा तीन लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाती है।
उन्होंने उपस्थित लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी जानकारी दी और जरूरत पड़ने पर इस सेवा का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों को उपचार, परामर्श और आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध करवाना समाज के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे लोगों को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।




