Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
Dabwali

सिरसा में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, मंत्री श्याम सिंह राणा ने फहराया तिरंगा

शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर किया नमन, परेड-मार्च पास्ट ने बांधा समां; उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी, नागरिक व संस्थाएं सम्मानित

सिरसा। सिरसा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बतौर मुख्यातिथि ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और परेड का निरीक्षण करते हुए मार्च पास्ट की सलामी ली। इससे पहले उन्होंने लघु सचिवालय स्थित शहीदी स्मारक तथा स्वतंत्रता सेनानी स्मारक स्थल पर पहुंचकर वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया। समारोह के दौरान शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानस्वरूप शॉल भेंट किए गए, जबकि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि भारत के संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्यों के आधार पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी थी और समय के साथ यह नींव और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति आस्था के कारण भारत विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने हरियाणा की धरती को वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती बताते हुए 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में अंबाला से उठी क्रांति की चिंगारी का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अंबाला छावनी में बनाया जा रहा शहीदी स्मारक निर्माण के अंतिम चरण में है और यह आने वाली पीढ़ियों को वीरों के त्याग और बलिदान की याद दिलाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकार शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा पिछले करीब 12 वर्षों में लगभग सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि देश तेजी से आर्थिक विकास की ओर बढ़ रहा है और सरकार का लक्ष्य ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। कृषि मंत्री ने अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्गों और अन्य वंचित वर्गों के कल्याण के लिए उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पिछड़ा वर्ग की क्रीमीलेयर आय सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये की गई है तथा पिछड़ा वर्ग-बी को पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों में आरक्षण दिया गया है। किसानों के लिए सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा सभी 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद करने वाला देश का पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि टमाटर, प्याज, लीची और शहद समेत 22 सब्जियों एवं फलों को भावांतर भरपाई योजना में शामिल किया गया है। मंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र और हरियाणा को विकसित राज्य बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसा हरियाणा बनाना है जहां किसान समृद्ध हों, युवा रोजगार पाने के साथ रोजगार देने वाले बनें, बेटियां सुरक्षित और आत्मनिर्भर हों, उद्योगों को अवसर मिलें, गांव और शहर समान रूप से विकसित हों तथा विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता मिले।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समारोह में जिले के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। दृष्टिबाधित विद्यालय सिरसा के बच्चों ने ‘छू लो तिरंगा’ ग्रुप सांग प्रस्तुत किया, जबकि प्रयास एवं आरकेजे श्रवण वाणी दिव्यांग केंद्र के बच्चों ने ‘तिरंगा लहराना है’ एक्शन सांग प्रस्तुत किया। सेंट जैवियर स्कूल के विद्यार्थियों ने राजस्थानी नृत्य, दी सिरसा स्कूल ने कोरियोग्राफी, विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ने हरियाणवी नृत्य ‘52 गज का दामन’ तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने गिद्दा प्रस्तुत किया। समारोह के अंत में डीएवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेला ग्राउंड की टीम प्रथम, दी सिरसा स्कूल की टीम द्वितीय तथा सेंट जैवियर स्कूल और विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की टीमें संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।

मार्च पास्ट और पीटी शो ने बढ़ाया उत्साह

समारोह में महिला पुलिस बल, हरियाणा पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी, स्काउट और विभिन्न शिक्षण संस्थानों की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। एनके एडवेंचर स्काउट की टीम ने प्रथम, चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय की टीम ने द्वितीय तथा शाह सतनाम जी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने पीटी शो, डंबल और लेजियम का आकर्षक प्रदर्शन किया। डैफोडिल स्कूल मौजदीन की टीम ने बैंड प्रस्तुति दी।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को भी सम्मानित किया गया। इनमें उप वन राजिक हरिपाल सिंह, सुनीता अदलक्खा, मदन सिंह, अमित मेहता, प्रीतम सिंह, ग्राम सचिव प्रियंका, रविंद्र कुमार सैनी, हवलदार भीम सिंह, रोडवेज संस्थान प्रबंधक रत्नलाल, प्रधानाचार्य मोहिंद्र कुमार, डबवाली से एएसआई रणजोत, एएसआई सुरेंद्र कुमार, सिरसा से एएसआई सुनील कुमार, हवलदार राजेश, महिला थाना प्रभारी सुनीता, कानूनगो सुरेंद्र कुमार सहित कई अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। सरकारी विद्यालयों में निशुल्क अध्यापन कर रहे गोदिकां निवासी जीवनदास तनेजा को भी सम्मानित किया गया।

अमृत फार्मेसी स्टोर का उद्घाटन

स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने जिला नागरिक अस्पताल सिरसा परिसर में अमृत फार्मेसी स्टोर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि अमृत फार्मेसी का उद्देश्य आमजन और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण दवाइयां, सर्जिकल सामग्री और अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री बाजार की तुलना में किफायती दरों पर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में ही यह सुविधा मिलने से मरीजों और उनके परिजनों को दवाइयां खरीदने के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि ओपीडी मरीजों के साथ अस्पताल में दाखिल मरीजों के परिजन भी यहां से आवश्यक दवाइयां और चिकित्सा सामग्री प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि किफायती दरों पर दवाइयों की उपलब्धता से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिलेगी।

समारोह में ये गणमान्य रहे मौजूद

समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनिश जिंदिया, उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नवजीत कलेर, सीजेएम संतोष बागोतिया, डीएमसी सुरेंद्र बैनीवाल, एसडीएम राजेंद्र कुमार, नगराधीश अजय सिंह, सीएमजीजीए पुरु रोहिल्ला, पद्मश्री गुरविंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट, नगर परिषद चेयरमैन शांति स्वरूप सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!