hisar

गणपति विसर्जन से लौट रहे युवकों को पिकअप ने कुचला

बरवाला में गांव बधावड़ के पास हादसा; 2 युवकों की मौत, तीसरा गंभीर घायल, बाइक से हिसार लौट रहे थे तीनों

बरवाला। हिसार जिले के बरवाला में गणेश उत्सव की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद बाइक से लौट रहे तीन युवकों को गांव बधावड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान वार्ड नंबर 3 निवासी 17 वर्षीय वंश और मोहित के रूप में हुई है। घायल ईशू को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

खरक पूनिया नहर से विसर्जन कर लौट रहे थे

जानकारी के अनुसार वंश, मोहित और ईशू रविवार को बाइक पर सवार होकर जींद मार्ग स्थित खरक पूनिया नहर पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए गए थे। विसर्जन के बाद तीनों बाइक से बरवाला वापस लौट रहे थे।

गांव बधावड़ के पास सामने से तेज गति से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में वंश और मोहित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि ईशू गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल ईशू को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के बीच निकली थी शोभायात्रा

बरवाला में 14 सितंबर से गणेश उत्सव मनाया जा रहा था। रविवार को श्रीगणेश महोत्सव सेवा समिति सहित विभिन्न कमेटियों की ओर से गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के साथ प्रतिमाओं को जींद मार्ग स्थित खरक पूनिया नहर तक विसर्जन के लिए लेकर पहुंचे थे।

सरकारी अस्पताल की सुविधाओं को लेकर भी रोष

हादसे के बाद बरवाला के सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर शहरवासियों में नाराजगी सामने आई। लोगों ने आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक, चिकित्सा सुविधाएं और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!