उज्जैन

उज्जैन में शाही मस्जिद की याचिका हाईकोर्ट ने की खारिज, आज हटेगा दुकानों का सामान

जिला प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच समझौते के आधार पर केस खत्म, सड़क चौड़ीकरण के लिए करीब 3 फीट जगह देने पर सहमति

उज्जैन। उज्जैन में सिंहस्थ की तैयारियों के तहत कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई मंगलवार को भी जारी रहेगी। सोमवार को शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने के दौरान हुए पथराव और हंगामे के बाद अब पुलिस की निगरानी में मस्जिद के नीचे बनी दुकानों का सामान हटाया जाएगा। इसके बाद सड़क की निर्धारित सीमा में आ रहे हिस्से को हटाने की कार्रवाई आगे बढ़ेगी।

इधर, शाही मस्जिद कमेटी की ओर से दायर याचिका को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने सोमवार को सुनवाई के बाद खारिज कर दिया। अदालत ने जिला प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच हुए समझौते के आधार पर मामले का निराकरण किया।

करीब 3 फीट जगह देने पर बनी सहमति

मस्जिद कमेटी के अधिवक्ता कुलदीप पाठक के मुताबिक, सड़क चौड़ीकरण के लिए करीब तीन फीट जगह देने और कुछ दुकानों को हटाने पर सहमति बनी है। समझौते के तहत मस्जिद की बड़ी मीनार को दूसरी ओर शिफ्ट किया जाएगा। प्रभावित दुकानदारों को दूसरी जगह उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी है।

अदालत ने दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते के आधार पर याचिका का निपटारा किया।

पथराव के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज

सोमवार सुबह शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने की कार्रवाई के दौरान विवाद शुरू हो गया। इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान महिला थाना प्रभारी घायल हो गईं।

पर्याप्त पुलिस बल तैनात किए जाने के बाद कुछ समय के लिए स्थिति शांत हुई, लेकिन दोपहर में दोबारा पथराव हुआ। पुलिस ने फिर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। हंगामे के बीच मस्जिद का हिस्सा हटाने की कार्रवाई जारी रही, हालांकि नमाज के समय इसे कुछ देर के लिए रोक दिया गया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

आठ एफआईआर दर्ज, 15 से 20 लोग हिरासत में

एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक, सोमवार सुबह से शाम तक पूरे घटनाक्रम में आठ एफआईआर दर्ज की गईं। इनमें एक मामला पथराव से संबंधित है, जबकि पांच मामले सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री और अन्य संबंधित मामलों के हैं। दो एफआईआर अन्य घटनाओं और आदेश के उल्लंघन से जुड़ी हैं।

पुलिस ने इस मामले में करीब 15 से 20 लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस की निगरानी में हटाया जाएगा दुकानों का सामान

सोमवार को हुए हंगामे के बाद मंगलवार को पुलिस की निगरानी में मस्जिद के नीचे बनी दुकानों का सामान हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद सड़क चौड़ीकरण के लिए निर्धारित हिस्से को हटाने का काम आगे बढ़ाया जाएगा।

गोपाल मंदिर से कंठाल चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण का काम सिंहस्थ की तैयारियों से जुड़ा है। इसके तहत सड़क की सीमा में आ रहे मस्जिद के हिस्से को समझौते के अनुसार हटाया जाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!