राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू
SC, OBC, EBC और DNT विद्यार्थियों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं में आवेदन का मौका; पोर्टल 31 जनवरी 2027 तक खुला रहेगा
सिरसा, 11 सितंबर। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर पात्र विद्यार्थियों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अनुसूचित जाति विद्यार्थियों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना तथा ओबीसी, ईबीसी एवं डीएनटी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में पात्र विद्यार्थी निर्धारित अवधि के दौरान आवेदन कर सकते हैं। नगराधीश अजय सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल को 31 जनवरी 2027 तक खुला रखा गया है। उन्होंने संबंधित शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि छात्रवृत्ति योजनाओं से जुड़ी जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाए और संस्थान अपने डैशबोर्ड पर भी इसकी जानकारी प्रदर्शित करें, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों से अपील की कि वे अपने स्तर पर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना की जानकारी दें तथा पात्र विद्यार्थियों को समय रहते आवेदन करने के लिए प्रेरित करें। विद्यार्थियों से भी आग्रह किया गया है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करें।




