भादौ माह की पहली महाकाल सवारी आज, शाम 4 बजे नगर भ्रमण पर निकलेंगे बाबा
पांच स्वरूप में दर्शन देंगे महाकाल, रामघाट पर क्षिप्रा जल से पूजन के बाद तय मार्ग से मंदिर लौटेगी सवारी

उज्जैन में भादौ माह की पहली और महाकालेश्वर भगवान की पांचवीं सवारी सोमवार शाम 4 बजे निकाली जाएगी। सवारी से पहले मंदिर के सभामंडप में भगवान महाकाल का विधि-विधान से पूजन-अर्चन होगा, जिसके बाद बाबा महाकाल को पालकी में विराजित कर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया जाएगा। मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल के जवान पालकी में विराजित भगवान महाकाल को सलामी देंगे। सवारी में घुड़सवार पुलिस दल, सशस्त्र पुलिस बल, होमगार्ड, भजन मंडली, झांझ मंडली और पुलिस बैंड शामिल रहेगा, जिससे पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्सव और भक्ति का माहौल नजर आएगा। बाबा महाकाल की सवारी महाकाल चौराहा, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंचेगी। यहां मां क्षिप्रा के पवित्र जल से भगवान महाकाल का अभिषेक और पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके बाद बाबा महाकाल की सवारी वापस मंदिर के लिए रवाना होगी। वापसी में सवारी रामानुजकोट, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती का मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी बाजार होते हुए महाकाल मंदिर पहुंचेगी। सवारी को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यवस्थाएं की गई हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। महाकाल की सवारी के दौरान श्रद्धालुओं को बाबा के पांच स्वरूपों में दर्शन होंगे। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सवारी का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा, जिसे समिति के फेसबुक पेज के माध्यम से देखा जा सकेगा। इसके अलावा सवारी के अंत में चलित रथ में लगी एलईडी स्क्रीन के जरिए भी श्रद्धालुओं को सवारी के दर्शन और प्रसारण देखने की सुविधा मिलेगी। भादौ माह की इस पहली सवारी को लेकर उज्जैन में धार्मिक उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु बाबा महाकाल के नगर भ्रमण के साक्षी बनने के लिए तैयार हैं।




