उज्जैन रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसली महिला, RPF ने बचाई जान
महाकाल दर्शन के लिए आई 68 वर्षीय महिला प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंसी; जवानों ने समय रहते खींचकर बाहर निकाला, CCTV में कैद हुआ हादसा

उज्जैन। नागपंचमी और महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच रेलवे स्टेशन पर सोमवार रात बड़ा हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर चलती भगत की कोठी-बिलासपुर एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश के दौरान 68 वर्षीय महिला का पैर फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के कोच के बीच जा गिरी।
घटना के दौरान महिला ट्रेन के साथ घिसटने लगी। ड्यूटी पर तैनात RPF जवानों ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए दौड़कर महिला को पकड़ लिया और ट्रेन के नीचे आने से पहले सुरक्षित बाहर खींच लिया। पूरी घटना स्टेशन पर लगे CCTV कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई है।
परिवार से बिछड़ गई थीं महिला
जानकारी के अनुसार, मथुरा निवासी 68 वर्षीय कमला सैनी महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए उज्जैन आई थीं। सोमवार रात वह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मौजूद थीं।
इसी दौरान वह अपने परिवार से बिछड़ गईं। महिला को लगा कि उनके परिजन ट्रेन में सवार हो चुके हैं। इसी वजह से उन्होंने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन पैर फिसलने से वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गईं।
RPF जवानों ने दौड़कर बचाया
महिला के गिरते ही ड्यूटी पर तैनात RPF के सहायक उप निरीक्षक शिवसिंह बघेल और QRT के आरक्षक मोहन व शिवराम तुरंत मौके की ओर दौड़े।
जवानों ने महिला को पकड़कर ट्रेन के नीचे जाने से पहले सुरक्षित बाहर खींच लिया। समय रहते हुई इस कार्रवाई से महिला की जान बच गई।
बेटे को सुरक्षित सौंपा
घटना के बाद RPF जवानों ने महिला की तलाश कर रहे परिवार से संपर्क कराया। बाद में टिकट लेकर स्टेशन पहुंचे उनके बेटे राजकुमार को कमला सैनी सुरक्षित सौंप दी गईं।
रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों ने RPF जवानों की तत्परता की सराहना की। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद जवानों की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई की चर्चा हो रही है।



