Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
patna

तेजप्रताप यादव पर मोनिका मनी का गंभीर आरोप, बोलीं- दोस्त के साथ जबरन होटल के कमरे में घुसे

पूर्व पार्टी सदस्य का दावा- काम का ऑफर ठुकराने पर दोनों नाराज हुए, होटल मैनेजर को बुलाने की धमकी दी तो वहां से चले गए

बिहार के पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव को लेकर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की पहचान मोनिका मनी के रूप में हुई है, जो पहले तेजप्रताप यादव की पार्टी से जुड़ी थीं और वर्ष 2017 में मिसेज इंडिया प्रतियोगिता की रनर अप रह चुकी हैं। एक न्यूज चैनल को दिए वीडियो इंटरव्यू में मोनिका मनी ने दावा किया कि दिल्ली के एक होटल में तेजप्रताप यादव और उनका एक दोस्त कथित तौर पर जबरन उनके कमरे में घुस आए थे और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। मोनिका के मुताबिक, वह पहले से दिल्ली में थीं और तेजप्रताप यादव ने उन्हें फोन कर एक पार्टी में बुलाया था। इसी दौरान उनकी मुलाकात तेजप्रताप के एक दोस्त से हुई, जो उस समय उनके साथ एक कार्यक्रम में काम कर रहे थे। मोनिका का दावा है कि उन्हें एक्टिंग में काम दिलाने का भरोसा दिया गया और मुंबई में भी काम का अवसर मिलने की बात कही गई। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया, जिसके बाद दोनों कथित तौर पर नाराज हो गए। मोनिका के अनुसार, इसके बाद तेजप्रताप यादव और उनका दोस्त होटल के कमरे में घुस आए और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने दोनों से कमरे से बाहर जाने को कहा और चेतावनी दी कि यदि वे नहीं गए तो होटल मैनेजमेंट को बुलाकर शिकायत करेंगी। मोनिका का दावा है कि होटल मैनेजर को बुलाने की बात कहने के बाद दोनों वहां से चले गए। हालांकि, ये सभी आरोप मोनिका मनी के बयान पर आधारित हैं और स्वतंत्र रूप से इनकी पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है। मोनिका मनी मूल रूप से मुजफ्फरपुर की रहने वाली हैं। वह मिसेज बिहार का खिताब जीत चुकी हैं और 2017 में मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में सेकंड रनर अप रही थीं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है और सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़ी रही हैं। मोनिका ने बताया कि वह अब तेजप्रताप यादव की पार्टी में नहीं हैं। इससे पहले जनवरी में तेजप्रताप के पटना स्थित आवास पर आयोजित दही-चूड़ा भोज में वह शामिल हुई थीं और तेजप्रताप के साथ उनकी तस्वीर भी सामने आई थी। मार्च में मोनिका के तेजप्रताप की पार्टी में शामिल होने की बात भी सामने आई थी। अब उनके ताजा आरोपों के बाद मामला चर्चा में है। फिलहाल तेजप्रताप यादव की ओर से इन आरोपों पर कोई जवाब सामने आने की जानकारी नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!