आंधी-बारिश से रात में राहत, दोपहर में फिर बढ़ी तपिश; आज बीकानेर में बूंदाबांदी के आसार
पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में उतार-चढ़ाव, दिन में 42 डिग्री पार गर्मी तो रात में राहत; हल्की बारिश से फिर बदल सकता है मौसम

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से बीकानेर के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। शनिवार को तेज आंधी और करीब 13 एमएम बारिश के बाद रात के तापमान में गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि रविवार को सुबह से निकली तेज धूप ने दोपहर में फिर गर्मी का असर बढ़ा दिया और शहरवासी उमस व तपिश से परेशान रहे।
शनिवार की बारिश के बाद रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री नीचे 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे मौसम सुहावना हो गया। लेकिन रविवार को आसमान साफ होते ही अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक रहा।
सुबह से तेज धूप के कारण दोपहर में गर्मी का असर काफी बढ़ गया। फिलहाल लू जैसे हालात नहीं बने हैं, लेकिन 64 प्रतिशत तक पहुंची नमी ने लोगों को पसीने और उमस से बेहाल कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार 4 मई को जिले में एक बार फिर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जिससे रात के तापमान में राहत बनी रह सकती है।
प्री-मानसून की इस हल्की बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की भी पोल खोल दी। महज 13 एमएम बारिश के बाद शहर के निचले इलाकों और मुख्य सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से कई जगह कीचड़ फैल गया, जिससे दुपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी।
प्रशासन की लापरवाही के चलते हल्की बारिश में भी शहर की सड़कें बदहाल नजर आईं। यदि सोमवार को फिर बारिश होती है तो जलभराव और कीचड़ की समस्या और गंभीर हो सकती है।
4 मई को फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 4 मई को बीकानेर में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। जिले के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। इस बदलाव से रात के तापमान पर नियंत्रण रहेगा और न्यूनतम पारा 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan




