मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बीकानेर दौरा स्थगित
अधिकृत कार्यक्रम जारी नहीं हुआ, फिर भी दो दिन से चल रही थीं जोरदार तैयारियां

बीकानेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का प्रस्तावित बीकानेर दौरा अंतिम समय में स्थगित हो गया। मुख्यमंत्री कार्यालय से अधिकृत कार्यक्रम जारी नहीं होने के बावजूद जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि पिछले दो दिनों से तैयारियों में जुटे हुए थे। दौरे को लेकर श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई थीं।
आड़सर गांव में होना था ‘ग्रामीण रथ’ कार्यक्रम
मुख्यमंत्री का श्रीडूंगरगढ़ के आड़सर गांव में “ग्रामीण रथ-समृद्ध किसान, खुशहाल राजस्थान” कार्यक्रम में शामिल होने और रात्रि विश्राम करने का प्रस्ताव था। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने हेलिपैड, मंच, सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी जरूरी इंतजाम लगभग पूरे कर लिए थे। गांव को विशेष रूप से सजाया गया था और कार्यक्रम स्थल को अंतिम रूप दिया जा चुका था।
दो दिन से डटे रहे प्रशासन और भाजपा पदाधिकारी
कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार मौके पर डटे हुए थे। वहीं भाजपा देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया समेत पार्टी पदाधिकारी भी पिछले दो दिनों से श्रीडूंगरगढ़ में सक्रिय रहे। यह पूरा दौरा स्थानीय विधायक ताराचंद सारस्वत के नेतृत्व में प्रस्तावित था और वे लगातार तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे थे।
कलेक्टर-एसपी ने किया था निरीक्षण
कार्यक्रम से पहले कलेक्टर निशांत जैन, एसपी मृदुल कच्छावा, राज्य मंत्री रामगोपाल सुथार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी। सुरक्षा, मंच, आवागमन और जनसभा से जुड़े सभी बिंदुओं पर बारीकी से काम किया गया था।
अंतिम समय में टला दौरा
सभी तैयारियां पूरी होने के बाद अंतिम समय में मुख्यमंत्री का दौरा स्थगित कर दिया गया। हालांकि दौरा स्थगित होने के पीछे कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक और प्रशासनिक व्यस्तताओं को इसकी संभावित वजह माना जा रहा है।
गांव में पहली बार रात्रि विश्राम की थी योजना
यह दौरा इसलिए भी खास माना जा रहा था क्योंकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहली बार किसी गांव में रात्रि विश्राम करने वाले थे। आड़सर गांव में इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं और इसे एक बड़े ग्रामीण कार्यक्रम के रूप में देखा जा रहा था।
बारिश ने भी बढ़ाई परेशानी
देर शाम हुई बारिश ने भी कार्यक्रम की तैयारियों पर असर डाला। आड़सर गांव में सभा स्थल और आसपास के क्षेत्र में पानी भर गया, जबकि आसपास के गांवों में अपेक्षाकृत कम बारिश दर्ज की गई। इससे कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाएं और चुनौतीपूर्ण हो गई थीं।
#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan



