राजस्थान में भारी बारिश से कॉलोनियां-सड़कें डूबीं, MP में पुल के ऊपर बह रही नर्मदा
राजस्थान में भारी बारिश से कॉलोनियां-सड़कें डूबीं, MP में पुल के ऊपर बह रही नर्मदा

जयपुर के निचले इलाकों में 3-4 फीट पानी; दिल्ली में 8 दिन में महीनेभर के बराबर बारिश
जयपुर। देश के कई राज्यों में मानसून का जोर बना हुआ है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी बारिश के कारण जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति सामने आई है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार सुबह 6 से 9 बजे तक लगातार बारिश हुई। इसके चलते निचले इलाकों में सड़कों पर 3 से 4 फीट तक पानी भर गया। कई घरों में भी बारिश का पानी घुस गया। वहीं चूरू शहर की कई कॉलोनियां भी जलमग्न हो गईं।
डिंडौरी में नर्मदा के पुल के ऊपर बहा पानी
मध्य प्रदेश के डिंडौरी में शनिवार रात 9 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक करीब 6 इंच बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के बाद नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ गया और नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा। प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है।
दिल्ली में 8 दिन में महीनेभर की बारिश
दिल्ली में भी अगस्त के शुरुआती 8 दिनों में ही महीने की सामान्य औसत बारिश का आंकड़ा पार हो गया। अब तक 230.1 MM बारिश दर्ज की गई है, जबकि अगस्त में सामान्य औसत बारिश 226.8 MM है।
बताया गया है कि अगस्त में 2024 के बाद यह सबसे ज्यादा बारिश है। बारिश के कारण कालिंदी कुंज बॉर्डर, ITO और प्रेस एन्क्लेव मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बनी।
देश के अन्य हिस्सों में भी बारिश का असर
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में बारिश के बाद कच्चे रास्ते पानी में डूब गए। यहां बच्चे सिर पर स्कूल बैग रखकर पानी के बीच से गुजरते हुए स्कूल पहुंचे।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी इलाके में भी सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव के बीच बच्चे पानी में मस्ती करते नजर आए।
राजस्थान के कई जिलों में पिछले कई दिनों से बारिश का दौर जारी है। चूरू की कई कॉलोनियों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।



