
CM मोहन यादव बुलेट से पहुंचे; बच्चों ने बढ़ाया उत्साह, देशभक्ति के साथ नशा मुक्ति का संदेश
भोपाल। तेज बारिश के बीच रविवार को भोपाल में जिला भाजपा की तिरंगा यात्रा निकाली गई। टीटी नगर स्टेडियम से शुरू हुई यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।
बारिश के बावजूद यात्रा में लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ता और आमजन ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।
बारिश के कारण छोटा किया गया रूट
यात्रा का निर्धारित रूट टीटी नगर स्टेडियम से न्यू मार्केट और रोशनपुरा चौराहे होते हुए वापस टीटी नगर तक था। हालांकि तेज बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए रूट छोटा कर दिया गया।
न्यू मार्केट के नानके पेट्रोल पंप चौराहे से पहले ही यात्रा को वापस टीटी नगर की ओर मोड़ दिया गया।
बुलेट से पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुलेट बाइक से टीटी नगर स्टेडियम पहुंचे। इसके बाद हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह समेत पार्टी के कई नेता भी यात्रा में मौजूद रहे।
यात्रा में बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हुए। कई बच्चे अलग-अलग किरदारों की वेशभूषा में पहुंचे। डोरेमोन और मोटू-पतलू की पोशाक में आए बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे।
CM बोले- बारिश ने बढ़ाया उत्साह
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन से देश के स्वतंत्रता संघर्ष को निर्णायक दिशा मिली थी। क्रांतिकारियों, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशभर में तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है, जो 14 अगस्त तक गांव, शहर, जिला, संभाग और राजधानी स्तर पर आयोजित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के बावजूद बच्चे, युवा, बुजुर्ग और समाज के विभिन्न वर्ग जिस उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए, वह देशभक्ति और संकल्प को दर्शाता है।
तिरंगे के रंगों का बताया महत्व
CM ने कहा कि तिरंगे के तीनों रंग साहस, वीरता और बलिदान के प्रतीक हैं। उन्होंने देश की यश-कीर्ति लगातार बढ़ने की कामना करते हुए यात्रा में शामिल भोपालवासियों को बधाई दी।
देशभक्ति के साथ नशा मुक्ति का संदेश
तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के साथ नशा मुक्ति का संदेश भी दिया गया। लोगों ने नशे से दूर रहने और युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने का संकल्प लिया।
आयोजकों ने युवा पीढ़ी को स्वस्थ और नशामुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया।




