हरियाणा में मानसून फिर एक्टिव: 16 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार, पंचकूला में घग्गर उफान पर; पुल बहा
पंचकूला में भारी बारिश से घग्गर समेत नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा, नाडा साहिब के पास पुल बहा; NDRF ने एक युवक को बचाया

हिसार। हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। नए मानसूनी तंत्र और उत्तरी हरियाणा पर बन रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में 50 से 75 प्रतिशत क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।
वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में 25 से 50 प्रतिशत हिस्से में बारिश की गतिविधियां होने की संभावना जताई गई है।
पंचकूला में घग्गर उफान पर, पुल बहा
मंगलवार को पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के बाद घग्गर नदी समेत कई नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया। नाडा साहिब गुरुद्वारा के पास पानी के तेज बहाव में पुलिस ट्रेनिंग कैंप का लोहे का पुल बह गया।
इसके अलावा अलीपुर-खटोली पुल भी टूट गया। स्थिति को देखते हुए पंचकूला पुलिस ने दोनों तरफ से यहां वाहनों की आवाजाही बंद कर दी। फिलहाल लोग पैदल ही रास्ता पार कर रहे हैं।
नदी में फंसा किसान, लोगों ने रस्सी से निकाला
श्यामटू की नदी में अचानक पानी बढ़ने से एक किसान बीच में फंस गया। आसपास मौजूद लोगों ने रस्सी की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
वहीं पंचकूला के सेक्टर-17 की राजीव कॉलोनी के पास बरसाती नाले में दो युवकों के बहने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची NDRF की टीम ने एक युवक को बचा लिया।
राजीव कॉलोनी में भी बढ़ा पानी का खतरा
लगातार बारिश के बाद राजीव कॉलोनी के आसपास जलभराव की स्थिति बनी। पानी को कॉलोनी में घुसने से रोकने के लिए स्थानीय लोगों ने मिट्टी से भरे बैग लगाए।
हिसार सबसे गर्म, यमुनानगर में रात सबसे ठंडी
प्रदेश में अधिकतम तापमान के मामले में हिसार 36.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। नारनौल में 36.0, रोहतक और भिवानी में 35.9, पलवल और फरीदाबाद में 35.8 तथा सिरसा में 35.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
बारिश वाले क्षेत्रों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा। यमुनानगर में अधिकतम तापमान 31.1 और कुरुक्षेत्र में 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो यमुनानगर में रात सबसे ठंडी रही, जहां 23.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। भिवानी में 24.5, पंचकूला में 24.8 और गुरुग्राम में 25.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। नूंह और सिरसा में न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
पंचकूला और हथनीकुंड में भारी बारिश
पिछले 24 घंटों में पंचकूला में 67.0 MM और यमुनानगर के हथनीकुंड में 53.0 MM बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण पंचकूला में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से कई स्थानों पर हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।




