मूक-बधिर पोद्दार स्कूल की अव्यवस्थाओं पर कांग्रेस का प्रदर्शन: स्कूल से विधानसभा तक पैदल मार्च, सरकार के खिलाफ नारेबाजी
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली बोले- 15 दिन पहले सुधार का भरोसा मिला था, अब स्कूल में प्रवेश और मीडिया कवरेज पर रोक; ज्योतिनगर रोड पर पुलिस ने मार्च रोका

जयपुर। मूक-बधिर पोद्दार स्कूल की व्यवस्थाओं और शिक्षा विभाग की ओर से मीडिया कवरेज पर कथित पाबंदी के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक और पार्टी नेता त्रिमूर्ति सर्किल स्थित पोद्दार स्कूल पहुंचे।
इसके बाद कांग्रेस विधायक दल ने स्कूल से विधानसभा तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था और मीडिया को स्कूल के अंदर कवरेज की अनुमति नहीं दिए जाने को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
15 दिन बाद भी व्यवस्थाएं नहीं सुधरने का आरोप
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल करीब 15 दिन पहले भी स्कूल आया था। उस समय स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए गए थे और 15 दिन में सुधार का भरोसा दिया गया था।
जूली के मुताबिक, दोबारा स्कूल पहुंचने पर उन्हें अंदर जाने से रोकने वाला बोर्ड और नियम दिखाई दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया को भी स्कूल के अंदर जाकर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति दिखाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
स्कूल से विधानसभा तक निकाला मार्च
कांग्रेस विधायक, नेता और कार्यकर्ता स्कूल परिसर से पैदल विधानसभा की ओर रवाना हुए। प्रदर्शन के दौरान हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए।
विधानसभा के पास ज्योतिनगर रोड पर पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और विधायकों को रोक दिया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत कई नेता विधानसभा के बाहर पहुंचे।
शिक्षा व्यवस्था और मीडिया कवरेज का मुद्दा उठाया
कांग्रेस नेताओं ने पोद्दार स्कूल की व्यवस्थाओं के साथ-साथ मीडिया कवरेज पर लगाए गए प्रतिबंध को भी मुद्दा बनाया। पार्टी नेताओं का कहना है कि स्कूल में पढ़ने वाले मूक-बधिर बच्चों की सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।




