डबवाली पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 6 आरोपी गिरफ्तार
डबवाली पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 6 आरोपी गिरफ्तार

डबवाली, 28 अगस्त। पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डबवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए एक मुख्य तस्कर सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान कुल 27.66 ग्राम हेरोइन बरामद करने के साथ-साथ दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। 27 अगस्त 2026 को एएनसी डबवाली, सीआईए डबवाली, चौकी चौटाला, थाना औढ़ा और चौकी गौरीवाला की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई को अंजाम दिया। एएनसी स्टाफ डबवाली प्रभारी एएसआई रणजोध सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने औढ़ा में गश्त के दौरान मोटरसाइकिल सवार सुखप्रीत सिंह को संदेह के आधार पर काबू किया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 8.520 ग्राम हेरोइन बरामद हुई और मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। आरोपी के खिलाफ थाना औढ़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। इसी क्रम में सीआईए स्टाफ डबवाली प्रभारी उप निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मीना बाजार मंडी डबवाली से चंचल उर्फ आकाश को काबू किया, जिसके कब्जे से 6.540 ग्राम हेरोइन बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। आरोपी के खिलाफ थाना शहर डबवाली में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद चौकी गौरीवाला प्रभारी एएसआई जगपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव कालुआना से मानक टिब्बी रोड पर गश्त के दौरान मोटरसाइकिल सवार मुकेश कुमार को पकड़ा और उसके कब्जे से 6.480 ग्राम हेरोइन बरामद की। इस मामले में मोटरसाइकिल और बरामद हेरोइन को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाना सदर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में मुकेश कुमार से मिली जानकारी के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्करी मामले के मुख्य सप्लायर गुरप्रीत सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं चौकी चौटाला प्रभारी पीएसआई सतपाल सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव अबूबशहर से सुशील उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 6.120 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में थाना सदर डबवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस ने इसके अलावा हेरोइन तस्करी के एक पुराने मामले में करीब 5 माह से फरार चल रहे मुख्य तस्कर कुलविन्दर सिंह को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 17 मार्च 2026 को सीआईए स्टाफ कालांवाली ने गांव मिठड़ी से शमशेर सिंह को 6.130 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया था और मामले की जांच के दौरान सामने आए आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने कुलविन्दर सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि उक्त हेरोइन की सप्लाई कुलविन्दर सिंह ने की थी। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। डबवाली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के सेवन, तस्करी अथवा नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 अथवा नजदीकी थाना या चौकी में दें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी।



