नशे की सप्लाई चेन पर CIA डबवाली का करारा प्रहार, राजस्थान से 4 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार
एक क्विंटल 490 ग्राम डोडा चूरा पोस्त मामले में 7वां आरोपी काबू, प्रतिबंधित नशीली गोलियों के मुख्य तस्कर को भी दबोचा
डबवाली। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डबवाली पुलिस ने नशे की सप्लाई चेन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर आईपीएस के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ डबवाली की टीम ने करीब चार माह से फरार चल रहे डोडा चूरा पोस्त तस्करी मामले के 7वें आरोपी शिवराज उर्फ शिवा को राजस्थान के अजमेर से काबू किया है, जबकि प्रतिबंधित नशीली गोलियों की तस्करी के मामले में फरार चल रहे मुख्य तस्कर गोल्डी उर्फ लाडी उर्फ आकाशदीप को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि सीआईए स्टाफ डबवाली प्रभारी उप निरीक्षक शैलेंद्र कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए 19 अप्रैल 2026 को भारत माला रोड पर गांव सकताखेड़ा के नजदीक प्याज से भरी पिकअप से एक क्विंटल 490 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद किया था। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान चार आरोपियों रितिक सैन, नरसी राम, तेजाराम और नरसी राम को पिकअप तथा एक पायलट स्विफ्ट डिजायर कार सहित गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना सदर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। पुलिस जांच के दौरान महत्वपूर्ण सुराग जुटाते हुए मुख्य सप्लायर सिद्धार्थ कुमार को 29 जुलाई 2026 को राजस्थान के ब्यावर जिले से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सीआईए टीम ने 28 अगस्त को इस मामले में करीब चार माह से फरार चल रहे छठे आरोपी जितेंद्र को भी गिरफ्तार किया। अब आगे की जांच और गिरफ्तार आरोपियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े 7वें आरोपी शिवराज उर्फ शिवा को अजमेर से दबोच लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। इसी अभियान के तहत सीआईए टीम ने प्रतिबंधित नशीली गोलियों की तस्करी के मामले में भी कार्रवाई की है। पुलिस ने 29 अगस्त 2026 को गांव मसीतां से मनप्रीत सिंह को 30 प्रतिबंधित बूप्रेनोरफिन गोलियों और नशे में प्रयुक्त होने वाली 140 टेम्पेन्टाडोल गोलियों सहित गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ थाना शहर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की और मुख्य तस्कर गोल्डी उर्फ लाडी उर्फ आकाशदीप को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। डबवाली पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों, सप्लायरों और नशे के नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस की लगातार दबिश और जांच से नशा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना बिना संकोच पुलिस को दें। सूचना मानस पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 या नजदीकी थाना अथवा चौकी में दी जा सकती है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



