जिला जेल में मेडिकल चेकअप कैंप आयोजित, 40 बंदियों को मिले चश्मे
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने की स्वास्थ्य जांच, निशुल्क दवाएं और कानूनी सहायता हेल्पलाइन की भी दी जानकारी

सिरसा, 28 अगस्त। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनिश जिन्दिया के निर्देशानुसार जिला जेल सिरसा में जेल प्रशासन एवं सिविल अस्पताल सिरसा के सहयोग से मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान सिविल अस्पताल सिरसा से पहुंची विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जेल में बंद कैदियों एवं बंदियों के स्वास्थ्य की व्यापक जांच की। कैंप में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप, ईएनटी सर्जन डॉ. श्वेता डूडी, जनरल फिजिशियन डॉ. पुनीत अग्रवाल, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. लीना चौधरी तथा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. गुंजन सराफ सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में बंदियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ स्वास्थ्य स्क्रीनिंग, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, डायग्नोस्टिक असिस्टेंस और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। इस दौरान चिकित्सकों की टीम द्वारा आवश्यकतानुसार एक्स-रे, ईसीजी सहित विभिन्न जांचें भी की गईं, ताकि बंदियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समय रहते पता लगाया जा सके। नेत्र जांच के दौरान दृष्टि संबंधी समस्या पाए जाने पर 40 जरूरतमंद बंदियों को चश्मे वितरित किए गए। वहीं, जांच के बाद जिन कैदियों एवं बंदियों को दवाओं की आवश्यकता थी, उन्हें मौके पर ही आवश्यक दवाएं निशुल्क उपलब्ध करवाई गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम में पीएचसी पणिहारी से जुड़े स्वास्थ्यकर्मियों के अलावा जिला परामर्शदाता कमल कक्कड़, सोशल वर्कर कंवर सेन, नेत्र रोग विभाग से राहुल शर्मा एवं विक्रम, नर्सिंग ऑफिसर बंटी दहिया एवं अनीता तथा फार्मेसी अधिकारी रणजीत सिंह शामिल रहे। शिविर का उद्देश्य जेल में निरुद्ध व्यक्तियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करना रहा। इस अवसर पर बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 के बारे में बताया गया तथा समझाया गया कि आवश्यकता पड़ने पर वे इस हेल्पलाइन के माध्यम से निशुल्क कानूनी सहायता और विधिक सेवाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मेडिकल कैंप के माध्यम से जेल में बंदियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उन्हें कानूनी सहायता व्यवस्था से जोड़ने का भी प्रयास किया गया। शिविर में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने बंदियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करने की सलाह दी।




